दमोह, 15 अप्रैल 2026/जबेरा विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत नोहटा के ग्राम सूड़ा में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने 73.88 लाख रुपये की लागत से निर्मित सड़क का लोकार्पण किया। इसके साथ ही ग्राम नोहटा में विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी संपन्न हुआ।
इन कार्यों में खेरमाता मंदिर परिसर में 20 लाख रुपये की लागत से बाउंड्रीवाल एवं चबूतरा निर्माण, 14.90 लाख रुपये की लागत से बाउंड्री वॉल एवं सौंदर्यीकरण कार्य तथा 14.82 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण शामिल हैं।
राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि निश्चित ही इन सभी विकास कार्यों के पूर्ण होने से ग्रामवासियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने बताया कि इस सड़क की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे अब पूरा करने का अवसर मिला है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि छोटे से ग्राम में लगभग 15 मकान होने के बावजूद सरकार द्वारा सड़क जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जिससे लोगों में खुशी का माहौल है।
कार्यक्रम में सुमन उपाध्याय, संदीप यादव, सचिव लाल सिंह यादव, सतपाल सिंह लोधी, उमराज सिंह लोधी, गनपत सिंह, उत्तम सिंह, परसोत्तम राय, भूपेश गंधर्व, घनश्याम सिंह, कप्तान सिंह, हेमराज सिंह, अभिषेक राय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
