जबलपुर केंद्रीय जेल में सोमवार सुबह एक विचाराधीन बंदी ने अस्पताल वार्ड के शौचालय में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद प्रशासन में हड़कंप, जांच शुरू
जबलपुर /केंद्रीय जेल जबलपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक विचाराधीन बंदी ने जेल परिसर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना सोमवार सुबह की बताई जा रही है, जिसके बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक बंदी की पहचान गुड्डू उर्फ राजा (पिता गुलाब विश्वकर्मा), उम्र करीब 60 वर्ष, निवासी साई कॉलोनी, थाना संजीवनीनगर, जबलपुर के रूप में हुई है। उसे थाना संजीवनीनगर के अपराध क्रमांक 273/2024 एवं सत्र प्रकरण क्रमांक 511/24 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में 16 अगस्त 2024 को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया था।
बताया जा रहा है कि 20 अप्रैल की सुबह लगभग 8 बजे बंदी ने जेल के अस्पताल खंड के वार्ड क्रमांक-3 स्थित शौचालय में फांसी लगा ली। घटना की जानकारी मिलते ही जेल स्टाफ मौके पर पहुंचा और तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया गया।यह मामला वर्तमान में चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश न्यायालय जबलपुर में विचाराधीन है। बंदी लंबे समय से न्यायिक हिरासत में था और उसकी नियमित पेशी चल रही थी।
घटना के बाद जेल प्रशासन द्वारा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। मामले की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाया गया है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इतनी सख्त सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद बंदी ने यह कदम कैसे उठाया।फिलहाल पुलिस और जेल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
