निज निवास पर सुनी क्षेत्रवासियों की समस्याएं, त्वरित निराकरण के लिए अधिकारियों को किए निर्देश

बैतूल। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने शनिवार को बैतूल विधानसभा क्षेत्र में संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के उद्देश्य से दिनभर महत्वपूर्ण बैठकों एवं जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद अपने गृह विधानसभा क्षेत्र में उनके सक्रिय दौरे को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया।
शनिवार को बैतूल बाजार मंडल के पदाधिकारियों, बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ भाजपा नेताओं के साथ आयोजित बैठक में श्री खण्डेलवाल ने संगठनात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में मंडल की गतिविधियों, बूथ सशक्तिकरण, सदस्यता विस्तार, आगामी कार्यक्रमों की तैयारी तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने की रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि भारतीय जनता पार्टी का वास्तविक आधार बूथ स्तर का कार्यकर्ता है और संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का सबसे बड़ा आधार बनती है। उन्होंने प्रत्येक कार्यकर्ता से नियमित जनसंपर्क, घर-घर संवाद और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही यह भी कहा कि कार्यकर्ता केवल चुनाव के समय नहीं बल्कि हर परिस्थिति में जनता के बीच मौजूद रहें।बैठक के दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने मंडल पदाधिकारियों से क्षेत्रवार फीडबैक भी लिया और संगठन की गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भाजपा एक विचार आधारित संगठन है, जहां प्रत्येक कार्यकर्ता की भूमिका महत्वपूर्ण है और अनुशासन, समन्वय तथा निरंतर सक्रियता से ही संगठन नई ऊंचाइयों तक पहुंचता है।
निज निवास पर लगाया जनसुनवाई दरबार
संगठनात्मक बैठक के बाद श्री खण्डेलवाल ने बैतूल स्थित अपने निज निवास पर क्षेत्रवासियों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के लोग बिजली, पानी, सड़क, राजस्व, स्वास्थ्य, पेंशन, अतिक्रमण, आवास तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर पहुंचे।प्रदेश अध्यक्ष ने एक-एक आवेदक की बात गंभीरता से सुनी और कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों के अधिकारियों से दूरभाष पर चर्चा कर त्वरित एवं प्रभावी निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जनता की समस्याओं का निराकरण संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ किया जाए तथा अनावश्यक लंबित प्रकरणों को तत्काल निपटाया जाए।इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि होने का अर्थ केवल नीति निर्धारण नहीं, बल्कि जनता के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है। क्षेत्र के नागरिकों की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी है और आमजन को राहत दिलाने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
कार्यकर्ताओं में उत्साह, क्षेत्रवासियों ने रखा भरोसा
प्रदेश अध्यक्ष के इस दौरे के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। मंडल बैठक में बड़ी संख्या में पदाधिकारी उपस्थित रहे, वहीं निज निवास पर भी सुबह से लोगों की आवाजाही बनी रही। क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर भरोसा जताया।राजनीतिक दृष्टि से श्री हेमंत खण्डेलवाल का यह दौरा संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ जनसंपर्क की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद वे लगातार संगठन और जनता के बीच सक्रिय संवाद बनाए हुए हैं।
