जनगणना 2027 का प्रथम चरण शुरू, 20 मई तक कार्य पूरा करने का लक्ष्य : कलेक्टर
दमोह, 3 मई / जिले में जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण का कार्य प्रारंभ हो गया है। इस चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने बताया कि यह अभियान 1 मई से शुरू होकर 30 मई तक संचालित रहेगा, जबकि प्रशासन ने 20 मई तक जिले में निर्धारित कार्य पूर्ण करने का लक्ष्य रखा है।
कलेक्टर श्री यादव ने बताया कि जनगणना के इस प्रारंभिक चरण के लिए जिलेभर में 2524 प्रगणकों की नियुक्ति की गई है, जो घर-घर जाकर मकानों एवं परिवारों से संबंधित प्रारंभिक जानकारी संकलित करेंगे। इन प्रगणकों के कार्य की निगरानी के लिए 451 पर्यवेक्षक लगाए गए हैं। प्रत्येक छह प्रगणकों पर एक पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी तय की गई है, ताकि सर्वेक्षण कार्य की गुणवत्ता और गति बनी रहे।
उन्होंने बताया कि संपूर्ण अभियान के प्रभावी संचालन के लिए जिले में 15 चार्ज अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह दायित्व तहसीलदार स्तर के अधिकारियों को सौंपा गया है, जबकि नगरीय क्षेत्रों में मुख्य नगर पालिका अधिकारी स्तर के अधिकारी इसकी निगरानी करेंगे।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर पर जनगणना प्रमुख नियुक्त किया गया है और प्रतिदिन प्रगति की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सर्वेक्षण कार्य समयबद्ध और त्रुटिरहित ढंग से पूरा किया जाए।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि जब प्रगणक घर पहुंचे तो वे उनके पहचान पत्र की जांच अवश्य कर लें और सही व पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े भविष्य की विकास योजनाओं, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा शासकीय नीतियों के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, इसलिए इसमें जनसहयोग आवश्यक है।
