दमोह : 08 मई 2026/सांसद राहुल सिंह लोधी की अध्यक्षता में गुरुवार को दमोह कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में जिले की विभिन्न विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में केन-बेतवा लिंक परियोजना, मेडिकल कॉलेज, सड़क निर्माण, कृषि योजनाएं, अमृत सरोवर, सिंचाई, गौ-अभ्यारण्य तथा ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि दिशा की बैठक एक सतत प्रक्रिया है, जो प्रत्येक तीन माह में आयोजित की जाती है ताकि विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की जा सके तथा देरी होने पर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
केन-बेतवा लिंक परियोजना पर विशेष फोकस

बैठक में केन-बेतवा लिंक परियोजना की विस्तृत समीक्षा की गई। सांसद ने बताया कि सीतानगर परियोजना से छूटे 33 गांवों तथा हिंडोरिया क्षेत्र को योजना से जोड़ने के लिए रोडमैप तैयार करने पर चर्चा हुई। अधिकारियों को इस दिशा में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
वीआईपी रोड निर्माण में देरी पर नाराजगी
नगरपालिका दमोह क्षेत्र में महाराणा प्रताप चौक से कीर्ति स्तंभ तक निर्माणाधीन वीआईपी रोड के कार्य में देरी पर सांसद ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार को निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कहा कि जनता को अधूरे निर्माण कार्यों के कारण परेशानी नहीं होनी चाहिए।
अमृत सरोवर योजना में जांच दल गठित
सदगुवां क्षेत्र में अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत निर्मित तालाब के सूखने का मामला भी बैठक में उठा। सांसद ने बताया कि लगभग 19 लाख रुपये की लागत से निर्मित तालाब के समीप अवैध उत्खनन होने से परियोजना प्रभावित हुई है। मामले की जांच के लिए विशेष दल गठित किया गया है तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
किसानों को साइलो में सीधे पंजीयन कराने की अपील
सांसद राहुल सिंह ने बताया कि हटा एवं हिनौता क्षेत्र में साइलो संचालन प्रारंभ हो चुका है, जिससे किसानों को उपार्जन केंद्रों पर लगने वाली भीड़ से राहत मिलेगी। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे सीधे साइलो में स्लॉट बुक कर गेहूं जमा करें।उन्होंने कहा कि कुछ उपार्जन केंद्रों पर अव्यवस्था और अवैध वसूली की शिकायतें सामने आई हैं, जिन पर प्रशासन सख्ती से कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव लगातार केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और किसानों से दुर्व्यवहार करने वालों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जा रही है।
‘कृषि कल्याण वर्ष’ के तहत गांव-गांव पहुंचेगा कृषि रथ
सांसद राहुल सिंह ने कहा कि प्रदेशभर में ‘कृषि कल्याण वर्ष’ के अंतर्गत किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाया जा रहा है। कृषि वैज्ञानिकों और विभागीय अधिकारियों की टीम विशेष कृषि रथों के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक उपकरण, जैविक खेती, जल संरक्षण तकनीक तथा वैज्ञानिक खेती की जानकारी दे रही है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा पहले ‘किसान वर्ष’ और ‘खेल वर्ष’ मनाने के बाद अब ‘कृषि कल्याण वर्ष’ के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
दिसंबर तक पूर्ण हो सकते हैं करैया, बांदकपुर और आनू आरओबी
बैठक में सड़क एवं पुल परियोजनाओं की भी समीक्षा हुई। सांसद राहुल सिंह ने बताया कि करैया, बांदकपुर और आनू के रोड ओवर ब्रिज निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं तथा संभावना है कि दिसंबर 2026 तक तीनों परियोजनाएं पूर्ण होकर जनता को समर्पित कर दी जाएंगी।उन्होंने कहा कि जिले में बड़े गौ-अभ्यारण्य की स्थापना की दिशा में भी तेजी से कार्य चल रहा है तथा भूमिपूजन कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन की संभावना है।
गैसाबाद पुल निर्माण जल्द शुरू होगा
गैसाबाद पुल परियोजना को लेकर सांसद ने कहा कि भूमि अधिग्रहण सहित अधिकांश प्रशासनिक प्रक्रियाएं पूर्ण हो चुकी हैं। तकनीकी औपचारिकताएं पूरी होते ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि कार्य प्रारंभ होने के कुछ ही दिनों में दमोह-गैसाबाद-हटा मार्ग पर आंशिक आवागमन सुचारु किया जा सकेगा, जिससे पन्ना जाने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी।
30 जून तक मेडिकल कॉलेज भवन होगा हैंडओवर
दमोह मेडिकल कॉलेज परियोजना को जिले के विकास की बड़ी उपलब्धि बताते हुए सांसद राहुल सिंह ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और 30 जून तक भवन हैंडओवर कर दिया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा कॉलेज का औपचारिक शुभारंभ किए जाने की संभावना है।उन्होंने बताया कि पहले शैक्षणिक सत्र में लगभग 100 विद्यार्थियों को प्रवेश मिलने की संभावना है तथा आगामी वर्षों में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
नर्सिंग कॉलेज और रोजगार के नए अवसर
बैठक में बताया गया कि नर्सिंग कॉलेज का टेंडर भी जारी हो चुका है। आने वाले समय में मेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षा के विस्तार से जिले में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी।सांसद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज, अस्पताल और नर्सिंग संस्थान के संचालन के लिए लगभग एक हजार लोगों का स्टाफ कार्य करेगा, जिससे जिले में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
दमोह को मिलेगा टाइगर सफारी गेट, बनेगा 17 किमी एलिवेटेड रोड
सांसद राहुल सिंह ने बताया कि ओरछा-हीरापुर-दमोह-जबलपुर मार्ग पर एमपीआरडीसी द्वारा टू-लेन शोल्डर सड़क का निर्माण किया जाएगा। परियोजना के अंतर्गत 17 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड रोड बनाया जाएगा ताकि वन्यजीवों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और सड़क दुर्घटनाओं में कमी आए।उन्होंने कहा कि झापन क्षेत्र की नई परियोजना तथा देवरी विधानसभा क्षेत्र की बीना-बारा परियोजना को भी स्वीकृति मिल चुकी है।बैठक में विधायक उमा देवी खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, वनमंडलाधिकारी ईश्वर जरांडे, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
