दमोह, 11 मई 2026। जिले में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का आक्रोश अब खुलकर सामने आने लगा है। रविवार को दमोह-सागर मार्ग स्थित कौरोसा गांव के पास बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पानी की समस्या से परेशान होकर सड़क पर उतरते हुए चक्का जाम कर दिया। अचानक हुए प्रदर्शन के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात प्रभावित हो गया।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। कई मोहल्लों में नियमित पानी नहीं पहुंच रहा, जिससे लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच हालात और गंभीर हो गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन को शिकायतें दीं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका।
स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विक्रम दांगी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उन्हें शांत कराने का प्रयास किया। वहीं प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को जल्द पेयजल व्यवस्था सुधारने का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने साफ कहा कि यदि शीघ्र ही पानी की नियमित व्यवस्था नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना था कि पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए बार-बार संघर्ष करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है।
इधर पुलिस और प्रशासनिक अमला लगातार ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम खुलवाने में जुटा रहा। काफी देर तक चले प्रदर्शन के कारण सागर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा और यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
