दमोह, 14 मई 2026/प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने आज 14 मई गुरुवार को दमोह कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की योजनाओं और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर आमजन तक पहुंचे तथा निर्माण एवं विकास कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
समीक्षा बैठक की शुरुआत कलेक्टर प्रताप नारायण यादव द्वारा प्रभारी मंत्री एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों के स्वागत से हुई। कलेक्टर ने जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं, निर्माण कार्यों और विकास परियोजनाओं की जानकारी प्रस्तुत करते हुए विभागवार प्रगति से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि जिले में शासन की योजनाओं को प्राथमिकता के साथ लागू किया जा रहा है तथा समयसीमा में कार्य पूर्ण कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन एवं धार्मिक न्यास राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी, पशुपालन एवं डेयरी राज्यमंत्री , विधायक जयंत मलैया, विधायक उमादेवी खटीक, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
बैठक के दौरान प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार ने विभागवार योजनाओं की समीक्षा करते हुए सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, ग्रामीण विकास, नगरीय विकास, सिंचाई, विद्युत व्यवस्था, राजस्व प्रकरणों और सामाजिक कल्याण योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका प्रभाव आमजन के जीवन में दिखाई देना चाहिए। प्रभारी मंत्री ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की उपलब्धियां और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने भी क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों से जुड़े सुझाव रखे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए तथा जनता की समस्याओं के निराकरण में संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जाए।
बैठक के अंत में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के बीच विभिन्न विकास योजनाओं को लेकर चर्चा हुई तथा जिले में विकास कार्यों की गति और अधिक तेज करने पर सहमति जताई गई।
