मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए निकले श्रद्धालु, रेलवे स्टेशन पर दिखा आस्था और उत्साह का माहौल

राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने हरी झंडी दिखाकर यात्रियों को दी शुभकामनाएं
दमोह, 19 मई, मंगलवार/मध्य प्रदेश सरकार द्वारा संचालित मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना एक बार फिर बुजुर्ग श्रद्धालुओं के चेहरों पर खुशी लेकर आई। दमोह जिला मुख्यालय से मंगलवार को श्रद्धालुओं को मां वैष्णो देवी के दर्शन कराने के लिए विशेष वातानुकूलित (AC) यात्री ट्रेन को रवाना किया गया। रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही श्रद्धालुओं और उनके परिजनों की भारी भीड़ देखने को मिली। पूरा परिसर धार्मिक माहौल और उत्साह से सराबोर नजर आया।

कार्यक्रम में धर्मेंद्र सिंह लोधी, जो जबेरा विधायक एवं मध्य प्रदेश शासन में पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्य राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हैं, ने विशेष रूप से पहुंचकर तीर्थ यात्रियों का स्वागत किया और हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना किया।
राज्य मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को पुष्पहार पहनाकर तथा श्रीफल भेंट कर आत्मीय सम्मान दिया। उन्होंने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य कर रही है और मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना बुजुर्गों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है।
उन्होंने कहा कि अनेक ऐसे वरिष्ठ नागरिक हैं, जिनकी वर्षों से इच्छा थी कि वे मां वैष्णो देवी सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करें, लेकिन आर्थिक या अन्य कारणों से यह संभव नहीं हो पाता था। मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना ऐसे लोगों के सपनों को साकार करने का माध्यम बन रही है।
मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि सरकार केवल विकास योजनाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि सेवा और संस्कार की भावना के साथ समाज के हर वर्ग को सम्मान देने का प्रयास भी कर रही है। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस बार वातानुकूलित ट्रेन की व्यवस्था की गई है, जिससे बुजुर्ग श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर श्याम शिवहरे, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, प्रताप नारायण यादव, राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा रेलवे प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
रेलवे स्टेशन पर कई श्रद्धालुओं ने योजना की खुलकर सराहना की। कुछ बुजुर्ग यात्रियों ने कहा कि उन्होंने कभी कल्पना नहीं की थी कि उन्हें इतनी सुविधाजनक यात्रा के साथ मां वैष्णो देवी के दर्शन करने का अवसर मिलेगा। यात्रियों ने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना उन लोगों के लिए बड़ी सौगात है, जो आर्थिक परिस्थितियों के कारण तीर्थ यात्रा से वंचित रह जाते थे।
कुछ महिला यात्रियों ने भावुक होकर कहा कि सरकार द्वारा दिया गया यह अवसर उनके जीवन की सबसे बड़ी खुशियों में से एक है। वहीं कई श्रद्धालुओं ने वातानुकूलित ट्रेन, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने बुजुर्गों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा है।
ट्रेन रवाना होने के दौरान पूरा रेलवे स्टेशन “जय माता दी” के जयघोषों से गूंज उठा। श्रद्धालु हाथ हिलाकर अपने परिजनों का अभिवादन करते नजर आए। वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया और लोगों के चेहरों पर आस्था के साथ संतोष और खुशी भी साफ दिखाई दी।
