कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश, छाछ वितरण की भी रही व्यवस्था
दमोह, 2 जून 2026। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार प्रत्येक मंगलवार आयोजित होने वाली जनसुनवाई के तहत आज जिला मुख्यालय स्थित संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के निम्न तल पर जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों नागरिकों ने अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने स्वयं आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में राजस्व, विद्युत, नगरीय निकाय, सामाजिक न्याय, पेंशन तथा अन्य विभागों से जुड़े कुल 222 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने प्रत्येक आवेदन पर गंभीरता से विचार करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
दिव्यांग युवक की मदद के लिए तत्काल सक्रिय हुआ प्रशासन जनसुनवाई के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया जिसने सभी का ध्यान आकर्षित किया। रवि पटेल नामक 22 वर्षीय दिव्यांग युवक अपनी पेंशन संबंधी समस्या लेकर जनसुनवाई में पहुंचा। युवक के पास न तो दिव्यांगता प्रमाण पत्र था और न ही आधार कार्ड उपलब्ध था, जिसके कारण उसकी पेंशन स्वीकृत नहीं हो पा रही थी।

मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने तत्काल अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा एम्बुलेंस की व्यवस्था कर युवक को जिला अस्पताल स्थित मेडिकल बोर्ड के समक्ष भेजा गया, ताकि उसका दिव्यांगता प्रमाण पत्र बन सके। साथ ही आधार कार्ड बनवाने और आवश्यक दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया भी तत्काल प्रारंभ कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि दस्तावेजी प्रक्रिया पूरी होते ही युवक की पेंशन स्वीकृत की जाएगी।
राजस्व विभाग के मामलों की रही अधिकता कलेक्टर ने बताया कि वर्तमान में जनसुनवाई में सबसे अधिक आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित प्राप्त हो रहे हैं। इनमें नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा तथा अतिक्रमण संबंधी मामले प्रमुख हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में कलेक्टर कार्यालय सीधे संबंधित तहसीलदारों और एसडीएम से संपर्क कर वस्तुस्थिति की जानकारी प्राप्त कर रहा है तथा शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। प्रशासन का प्रयास है कि आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
‘सेवा और आशीर्वाद’ अभियान के सकारात्मक परिणाम कलेक्टर यादव ने बताया कि जिले में संचालित ‘सेवा और आशीर्वाद’ अभियान के अंतर्गत वृद्ध, निराश्रित और पात्र हितग्राहियों को पेंशन योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि अभियान के तहत प्राप्त 1,664 आवेदनों में से 1,178 हितग्राहियों की ई-केवाईसी सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुकी है और उनकी पेंशन प्रारंभ कर दी गई है।
जनसुनवाई के दौरान दमोह निवासी कमलो कुचबंदिया का भी मौके पर ई-केवाईसी कराकर उनकी पेंशन स्वीकृत करने की कार्रवाई की गई। कलेक्टर ने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों तथा नगरीय निकायों के सीएमओ को निर्देशित किया कि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में संवेदनशीलता और तत्परता दिखाई जाए।
गर्मी से राहत के लिए छाछ वितरण भीषण गर्मी और लू के प्रभाव को देखते हुए जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों के लिए विशेष व्यवस्थाएं भी की गईं। लोगों को गर्मी से राहत प्रदान करने हेतु छाछ और मठा वितरण की व्यवस्था की गई।
इस बार यह व्यवस्था बांदकपुर स्थित देव जागेश्वर नाथ मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा की गई। समिति के प्रबंधक पंडित रामकृपाल पाठक ने बताया कि भविष्य में भी जनहित में इस प्रकार की सेवा जारी रखी जाएगी।
अधिकारी रहे मौजूद जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, अपर कलेक्टर मीना मसराम, डिप्टी कलेक्टर आर.एल. बागरी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रजापति, जनसंपर्क अधिकारी वाय.ए. कुरैशी, लोक सेवा प्रबंधन के चक्रेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके तथा जनता की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया जा सके।
