सर्वर पर अधिक कॉल से गैस बुकिंग में तकनीकी दिक्कत, शिकायतों के लिए जिला प्रशासन की हेल्पलाइन शुरू
दमोह, 12 मार्च\ जिला कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले में पेट्रोल, डीज़ल, सीएनजी और घरेलू गैस की उपलब्धता को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि जिले में इन सभी आवश्यक ईंधनों की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाहों पर विश्वास न करें और अनावश्यक रूप से घबराहट या पैनिक की स्थिति न बनाएं।कलेक्टर ने बताया कि भारत सरकार से प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय टैंकरों को आवाजाही की अनुमति मिल चुकी है, जिससे ईंधन की आपूर्ति प्रभावित होने की कोई स्थिति नहीं है। जिले के पेट्रोल पंपों पर भी पर्याप्त मात्रा में पेट्रोल और डीज़ल उपलब्ध है तथा आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है।
गैस बुकिंग में आ रही तकनीकी परेशानी
कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि घरेलू गैस को लेकर भी किसी प्रकार की कमी नहीं है। जो समस्या सामने आ रही है, वह तकनीकी कारणों से है। बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं द्वारा एक साथ टोल फ्री नंबर और वेबसाइट पर संपर्क करने से सर्वर पर दबाव बढ़ जाता है, जिससे बुकिंग प्रक्रिया कुछ समय के लिए प्रभावित हो सकती है।उन्होंने बताया कि गैस कंपनियों के साथ इस विषय पर लगातार संपर्क किया जा रहा है और तकनीकी समस्या को जल्द ही दूर कर लिया जाएगा। गैस कंपनियों द्वारा मिस्ड कॉल के माध्यम से भी बुकिंग दर्ज की जा रही है, इसलिए उपभोक्ताओं को परेशान होने की आवश्यकता नहीं है।
प्रशासन ने बनाया कंट्रोल रूम
नागरिकों को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कंट्रोल रूम स्थापित किया है। किसी भी प्रकार की समस्या या शिकायत के लिए नागरिक 07812-350300 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इस हेल्पलाइन के माध्यम से खाद्य विभाग के अधिकारी संबंधित एजेंसियों तक शिकायत पहुंचाकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करेंगे।
कालाबाजारी रोकने के लिए निगरानी
कलेक्टर ने बताया कि प्रशासन द्वारा कालाबाजारी और जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए विशेष निगरानी दल भी गठित किए गए हैं। ये दल गैस एजेंसियों और अन्य आपूर्ति व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करेंगे, ताकि उपभोक्ताओं को समय पर आवश्यक सामग्री उपलब्ध हो सके।उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा गैस एजेंसियों के स्टॉक की नियमित समीक्षा भी की जाएगी, जिससे यह सुनिश्चित किया जा सके कि जिले में आपूर्ति व्यवस्था लगातार सुचारू बनी रहे।कलेक्टर श्री कोचर ने अंत में नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें और यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो सीधे प्रशासन से संपर्क कर सही जानकारी प्राप्त करें।
