बांदकपुर में पूजा-अभिषेक के बाद किया पदभार ग्रहण, कहा—गैस की पर्याप्त उपलब्धता, वितरण व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा

दमोह, 13 मार्च/मध्यप्रदेश के दमोह जिले में प्रशासनिक जिम्मेदारी संभालने से पहले नवागत कलेक्टर अनिल राठौर ने आस्था और परंपरा के साथ अपनी नई पारी की शुरुआत की। गुरुवार को उन्होंने बुंदेलखंड के प्रसिद्ध सिद्ध तीर्थ जागेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर भगवान जागेश्वरनाथ का जलाभिषेक और विधिवत पूजन किया तथा जिले के सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आशीर्वाद प्राप्त किया।धार्मिक अनुष्ठान के बाद अनिल राठौर दमोह पहुंचे, जहां संयुक्त कलेक्टर कार्यालय में उन्होंने औपचारिक रूप से कलेक्टर का प्रभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका स्वागत किया और जिले की विभिन्न व्यवस्थाओं से संबंधित प्रारंभिक जानकारी भी उन्हें दी गई।जानकारी के अनुसार, दमोह कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के अवकाश पर जाने के कारण मध्य प्रदेश शासन ने अंतरिम रूप से जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी अनिल राठौर को सौंपने के आदेश जारी किए थे। आदेश के बाद गुरुवार को उन्होंने औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया।
जिले की विशेषताओं का किया उल्लेख
पदभार ग्रहण करने के बाद मीडिया से बातचीत में कलेक्टर अनिल राठौर ने कहा कि दमोह जिला प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध संस्कृति और ऐतिहासिक धरोहरों के लिए जाना जाता है। यहां आकर उन्हें एक अलग प्रकार का अनुभव हुआ है। उन्होंने बताया कि बांदकपुर में भगवान जागेश्वरनाथ का अभिषेक करते समय उन्हें अपार शांति और सकारात्मक ऊर्जा का अनुभव हुआ, जो उन्हें अपने दायित्वों को बेहतर तरीके से निभाने की प्रेरणा देता है।उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना है, ताकि हर पात्र व्यक्ति तक उसका लाभ पहुंच सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और जनसहभागिता को प्राथमिकता दी जाएगी।
गैस संकट की अफवाहों पर दिया स्पष्ट संदेश
हाल के दिनों में रसोई गैस को लेकर फैल रही चर्चाओं पर कलेक्टर राठौर ने स्पष्ट किया कि जिले में एलपीजी गैस की कोई वास्तविक कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि गैस की पर्याप्त उपलब्धता है और उपभोक्ताओं को घबराने की आवश्यकता नहीं है।उन्होंने बताया कि गैस वितरण व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध व्यावसायिक उपयोग या जमाखोरी न हो।
जनता से सहयोग की अपील
कलेक्टर अनिल राठौर ने जिले के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि प्रशासन और जनता के सहयोग से ही किसी भी चुनौती का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने कहा कि लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो प्रशासन को अवश्य अवगत कराएं।उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासन की पूरी टीम जिले के नागरिकों की सुविधाओं और विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए पूरी जिम्मेदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करेगी।
