भरण-पोषण अधिनियम 2007 और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी, एल्डरलाइन 14567 के बारे में भी किया गया जागरूक

दमोह,13 March/ जिले में सामाजिक न्याय विभाग द्वारा जिला दिव्यांग पुनर्वास केंद्र परिसर में शुक्रवार को वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों, उनकी सुरक्षा तथा सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एक संवेदनशीलता कार्यक्रम (Sensitization Program) आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता की भावना विकसित करना तथा उन्हें उनके अधिकारों और उपलब्ध सरकारी सुविधाओं की जानकारी देना था।
कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों एवं विशेषज्ञों ने वरिष्ठ नागरिकों से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों और योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। विशेष रूप से माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि यह अधिनियम बुजुर्गों को उनके भरण-पोषण और सम्मानजनक जीवन का अधिकार प्रदान करता है। वक्ताओं ने कहा कि यदि किसी बुजुर्ग की देखभाल परिवार द्वारा नहीं की जाती है तो वे इस अधिनियम के तहत कानूनी सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ नागरिकों के लिए केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य सुविधाओं तथा सहायता सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति का यह दायित्व है कि वह अपने माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करे तथा उनकी आवश्यकताओं का ध्यान रखे। परिवार और समाज के सहयोग से ही वरिष्ठ नागरिकों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन प्रदान किया जा सकता है।
इस अवसर पर प्रतिभागियों ने वरिष्ठ नागरिकों से जुड़ी समस्याओं, जैसे स्वास्थ्य देखभाल, आर्थिक सुरक्षा, अकेलेपन और सामाजिक उपेक्षा जैसे विषयों पर भी चर्चा की। साथ ही इन समस्याओं के समाधान के लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने और सकारात्मक वातावरण बनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में यह भी कहा गया कि बुजुर्ग समाज का अमूल्य अनुभव और ज्ञान का भंडार होते हैं, इसलिए उनके अनुभवों का सम्मान करना और उनसे सीख लेना समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
कार्यक्रम में मदन जैन (अधिवक्ता एवं डिप्टी मैनेजर लीगल), सुश्री शिवानी पाराशर (सहायक अधिवक्ता), योगेन्द्र सिंह (जिला सूचना विज्ञान अधिकारी), योगेन्द्र चौधरी (व्याख्याता, पीजी कॉलेज दमोह), नितिन पटेल (सामाजिक सुरक्षा अधिकारी), अभय दुबे (संचालक प्रेरणा संस्थान), राहुल पाठक (संचालक उन्मुक्त नशा मुक्ति केंद्र), डॉ. रविन्द्र टांक (लिपिक, उपसंचालक कार्यालय), तोशीफ खान, विनीत नामदेव, सत्यव्रत पाठक सहित वृद्धाश्रम एवं ग्रामीण अंचलों से आए अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर अतिथियों को मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया। सामाजिक न्याय विभाग की ओर से सामाजिक सुरक्षा अधिकारी प्रतिक्षा सिंघई ने वरिष्ठ नागरिकों को कानूनी, मानसिक एवं सामाजिक सहायता उपलब्ध कराने के लिए भारत सरकार द्वारा संचालित एल्डरलाइन हेल्पलाइन 14567 की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से वरिष्ठ नागरिक अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सहायता प्राप्त कर सकते हैं। अंत में उन्होंने कार्यक्रम में पधारे सभी वरिष्ठजनों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया और वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए सामूहिक प्रयास जारी रखने का आह्वान किया।
