( प्रदीप सोनी) बड़वानी /डिजिटल युग में तेजी से बढ़ रहे साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम नागरिकों को ऑनलाइन ठगी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा प्रदेशभर में ‘सेफ क्लिक 2.0’ साइबर जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत बड़वानी जिले में 24 जून से 8 जुलाई 2026 तक विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के अंतर्गत गुरुवार को बड़वानी शहर में संजीवनी नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों ने आकर्षक नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक किया।
शहर के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से दिखाया कि किस प्रकार साइबर अपराधी आम लोगों को फर्जी कॉल, लिंक, लॉटरी, इनाम, ऑनलाइन लोन, नौकरी का झांसा, केवाईसी अपडेट, डिजिटल अरेस्ट और अन्य प्रलोभनों के जरिए ठगी का शिकार बनाते हैं। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि थोड़ी-सी लापरवाही भी व्यक्ति की जीवनभर की कमाई को पलभर में खत्म कर सकती है।
अनजान लिंक और ऐप से रहें दूर
विद्यार्थियों ने लोगों को समझाया कि मोबाइल फोन पर आने वाले किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और किसी भी संदिग्ध एपीके (APK) फाइल को डाउनलोड या इंस्टॉल करने से बचें। इसके अलावा बैंक खाता नंबर, एटीएम पिन, सीवीवी नंबर, ओटीपी, पासवर्ड, यूपीआई पिन तथा अन्य गोपनीय जानकारी किसी भी व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह दी गई। यह भी बताया गया कि बैंक, पुलिस या सरकारी एजेंसियां कभी भी फोन पर ऐसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगतीं।
साइबर एक्सपर्ट ने बताए ठगी के नए तरीके
कार्यक्रम के दौरान जिला साइबर एक्सपर्ट रितेश खत्री ने उपस्थित नागरिकों को साइबर अपराधियों द्वारा अपनाए जा रहे नए-नए तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आजकल साइबर ठग सोशल मीडिया, मैसेजिंग ऐप, ईमेल और फर्जी वेबसाइटों के माध्यम से लोगों को निशाना बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी कॉल, मैसेज या ईमेल पर संदेह हो तो उसकी सत्यता की पुष्टि किए बिना कोई भी जानकारी साझा न करें और न ही किसी प्रकार का भुगतान करें।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि किसी व्यक्ति के साथ साइबर धोखाधड़ी होती है तो बिना समय गंवाए तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं अथवा राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत करें और निकटतम पुलिस थाने को भी इसकी सूचना दें। समय पर शिकायत करने से कई मामलों में ठगी गई राशि को वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।
जिलेभर में लगातार चल रहे हैं जागरूकता कार्यक्रम बड़वानी पुलिस द्वारा सेफ क्लिक 2.0 अभियान के तहत जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार साइबर चौपाल, जनसंवाद, जागरूकता शिविर, विद्यालय एवं महाविद्यालयों में विशेष कार्यक्रम, पोस्टर अभियान तथा नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य समाज के हर वर्ग तक यह संदेश पहुंचाना है कि इंटरनेट का सुरक्षित उपयोग ही साइबर अपराधों से बचाव का सबसे बड़ा हथियार है।
पुलिस की अपील— “सुरक्षित क्लिक करें, सतर्क रहें, सजग रहें” बड़वानी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इंटरनेट और सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करें। किसी भी लालच, डर या जल्दबाजी में आकर अपने बैंक संबंधी दस्तावेज, ओटीपी, पासवर्ड या अन्य निजी जानकारी किसी से साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें अथवा निकटतम पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं। आपकी सतर्कता ही आपकी सबसे बड़ी सुरक्षा है।
ये रहे मौजूद कार्यक्रम में कोतवाली थाना प्रभारी बलजीत सिंह बिसेन, प्रधान आरक्षक जगजोध, काउंसलर अनीता चोयल, यातायात थाना के उपनिरीक्षक भौरे, आरक्षक ए.आर. खोडे, पुरुषोत्तम, साइबर सेल शाखा के आरक्षक मडिया डावर सहित संजीवनी नर्सिंग कॉलेज के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। सभी ने साइबर सुरक्षा का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
