ग्राम कोंरता में 1 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमिपूजन, उप स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक भवन और सीसी रोड का निर्माण
दमोह, 14 मार्च 2026/प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि उनका निरंतर प्रयास है कि जबेरा विधानसभा क्षेत्र को विकास के हर मापदंड पर प्रदेश की अग्रणी और क्रमांक एक विधानसभा बनाया जाए। क्षेत्र के समग्र विकास, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं, मजबूत आधारभूत संरचना और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देते हुए लगातार कार्य किए जा रहे हैं।राज्यमंत्री लोधी शनिवार को दमोह जिले की जबेरा विधानसभा अंतर्गत ग्राम कोंरता में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन के दौरान संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री लोधी ने बताया कि 65 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण किया गया है। यह स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा। अब ग्रामीणों को प्राथमिक उपचार और आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर-दराज के स्थानों पर नहीं जाना पड़ेगा। इस स्वास्थ्य केंद्र के माध्यम से आसपास के कई गांवों के नागरिकों को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुलभ और सुदृढ़ होंगी।उन्होंने आगे बताया कि ग्राम कोंरता में 25 लाख रुपये की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन का भूमिपूजन भी किया गया। सामुदायिक भवन के निर्माण से गांव के लोगों को सामाजिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए एक बेहतर स्थान उपलब्ध होगा। इससे गांव में सामाजिक एकता और सामुदायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
इसी क्रम में 10 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी रोड का भी भूमिपूजन किया गया। इस सड़क के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी और बरसात के मौसम में आने वाली समस्याओं से भी राहत मिलेगी। बेहतर सड़क सुविधा से गांव का संपर्क मजबूत होगा और दैनिक जीवन की गतिविधियां अधिक सुगम बनेंगी।
राज्यमंत्री लोधी ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जबेरा विधानसभा क्षेत्र में भी विकास कार्यों को गति दी जा रही है, ताकि क्षेत्र के हर गांव तक बुनियादी सुविधाएं पहुंच सकें।
