हटा (दमोह), 8 जुलाई। मध्यप्रदेश के दमोह जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हटा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दमोह-हटा मार्ग पर वाहन चेकिंग के दौरान एक कार से बड़ी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई में करीब 3.38 लाख रुपये मूल्य की शराब एवं वाहन जब्त किया गया है। पुलिस की पूछताछ में शराब के सप्लाई नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है, जिसके आधार पर एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत भदौरिया तथा एसडीओपी हटा सौरभ त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिलेभर में नशा विरोधी अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 07-08 जुलाई 2026 की दरम्यानी रात हटा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि दमोह से हटा की ओर जा रही एक वेगनआर कार (एमपी-20-सीडी-7357) में अवैध रूप से देशी शराब का परिवहन किया जा रहा है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दमोह नाका हटा पर घेराबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ ही देर बाद संदिग्ध वेगनआर कार को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
कार से निकले 10 कार्टून अवैध शराब
तलाशी के दौरान कार की बीच वाली सीट और डिक्की से 10 कार्टून देशी शराब बरामद किए गए। इनमें 150 पाव देशी लाल प्रिंस तथा 328 पाव देशी प्लेन प्रिंस लेमन शराब शामिल थी।
वाहन चालक ने अपना नाम राजा उर्फ इंद्रकुमार नामदेव (26 वर्ष) तथा साथ बैठे युवक ने अभिषेक रैकवार (26 वर्ष) निवासी ग्राम कांटी बताया। पुलिस ने जब शराब के परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज और लाइसेंस मांगा तो दोनों कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
3.38 लाख रुपये का माल जब्त
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 37,960 रुपये मूल्य की अवैध शराब तथा लगभग 3 लाख रुपये कीमत की वेगनआर कार जब्त की। कुल मिलाकर करीब 3.38 लाख रुपये का माल जब्त किया गया।
आरोपियों के खिलाफ मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 32(2) एवं 42 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में खुला शराब सप्लाई नेटवर्क
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे शराब को बिक्री के उद्देश्य से ले जा रहे थे। उन्होंने बताया कि यह शराब मुड़िया शराब दुकान के गद्दीदार बलराम राय से लाई गई थी।
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बलराम पिता रामस्वरूप राय (45 वर्ष), निवासी ग्राम कौड़ता, थाना जबेरा को भी गिरफ्तार कर लिया।
तीनों आरोपी न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
विधिसम्मत कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर सभी आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
नशा विरोधी अभियान रहेगा जारी
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य नशे के कारोबार के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार बेगी, एएसआई एन.के. तिवारी, प्रधान आरक्षक अनिल गौतम, आरक्षक सोनू कुर्मी, आरक्षक संजय अठिया, आरक्षक प्रखर सहित थाना हटा के अन्य पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
