दमोह, 8 जुलाई। बांध के कैचमेंट एरिया में लगातार हो रही बारिश के चलते राजघाट बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। बढ़ते जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए जल संसाधन विभाग ने बुधवार को बांध के छह गेट चरणबद्ध तरीके से खोलने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही डाउन स्ट्रीम क्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ने की संभावना को देखते हुए पथरिया तहसील के कई गांवों के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन संभाग सागर ने बुधवार, 8 जुलाई को जानकारी देते हुए बताया कि लगातार वर्षा के कारण बांध का जलस्तर बढ़कर 373.00 मीटर तक पहुंच गया है। जबकि जुलाई माह के लिए बांध का जलस्तर 369.500 मीटर निर्धारित रखा जाना है। इसी को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त पानी की निकासी का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने बताया कि बांध के तीन-तीन गेट 15-15 सेंटीमीटर तक दो चरणों में खोले जाएंगे। पहला चरण सुबह 10:00 बजे और दूसरा चरण शाम 6:00 बजे होगा। इस प्रक्रिया के दौरान बांध से कुल 56.74 क्यूमेक्स (घन मीटर प्रति सेकंड) पानी छोड़ा जाएगा।
इन गांवों पर रहेगा असर
जल संसाधन विभाग के अनुसार पानी छोड़े जाने के बाद डाउन स्ट्रीम क्षेत्र में नदी का जलस्तर बढ़ेगा। इसका प्रभाव मुख्य रूप से पथरिया तहसील के निम्न गांवों पर पड़ सकता है—
- निवारी
- केरबना
- सिंगोन
- मेलवाड़ा
- पिपरखिरिया
- जैरथ
- बूढ़ा बरखेड़ा
- चकेरी
- हिंगवानी
- धोराज
- महूना
- बड़ौदा माडिया
- सिरसिया
- चैनपुरा
- बिजौरी सिरसिया
- सीतानगर
प्रशासन की अपील
जल संसाधन विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों के ग्रामीणों से अपील की है कि वे नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें। बच्चों को नदी किनारे न जाने दें तथा मवेशियों को भी जलधारा के समीप न ले जाएं। किसी भी प्रकार की आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों को तत्काल सूचना दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह कदम बांध की सुरक्षा और जलस्तर के संतुलित प्रबंधन के लिए उठाया गया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं का ही पालन करें।
