तेंदूखेड़ा में जन-संवाद शिविर आयोजित, 35 ग्राम पंचायतों में 70 अधिकारियों की टीम ने किया निरीक्षण; कमियों को दूर कर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर
दमोह, 14 अगस्त। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेशभर में संचालित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शुक्रवार को तेंदूखेड़ा में जन-संवाद शिविर आयोजित किया गया। जनपद पंचायत तेंदूखेड़ा के सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का उद्देश्य प्रशासन और आमजन के बीच विश्वास एवं संवाद को और मजबूत करना है।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों के साथ कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, पुलिस अधीक्षक आनंद तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। इस दौरान आमजन से संवाद कर उनकी समस्याओं और स्थानीय जरूरतों की जानकारी ली गई तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े हितलाभ भी वितरित किए गए।राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर सरकार को लोगों के द्वार तक पहुंचाने की महत्वपूर्ण पहल है। इसके माध्यम से अधिकारी और कर्मचारी स्वयं गांवों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर नागरिकों से सीधे संवाद कर रहे हैं। इससे लोगों की समस्याओं को मौके पर समझने और उनके निराकरण की दिशा में तत्काल कार्रवाई करने में मदद मिल रही है।
उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए आम नागरिकों को अलग-अलग सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसी भावना के साथ अधिकारियों को फील्ड में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुनने और उनका निराकरण करने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद आने वाले समय में जनहित में बेहतर परिणाम देने वाला साबित होगा।राज्यमंत्री ने कहा कि शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। जन विश्वास अभियान के माध्यम से सरकार और प्रशासन आमजन के और करीब पहुंच रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे ऐसे शिविरों में सक्रिय रूप से भाग लें और अपनी वास्तविक समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी अधिकारियों को दें।
गांव-गांव पहुंचेगी शासन की योजनाओं की सौगात : कलेक्टर

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं को धरातल तक पहुंचाना और यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। जिला प्रशासन द्वारा गांव-गांव पहुंचकर शासकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ आमजन से सीधे संवाद किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि अभियान के माध्यम से गांवों की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में किन विकास कार्यों की आवश्यकता है, नागरिकों की प्रमुख समस्याएं क्या हैं और शासकीय योजनाओं का क्रियान्वयन किस स्तर तक हुआ है, इसकी जानकारी अधिकारियों द्वारा मौके पर पहुंचकर ली जा रही है।
कलेक्टर ने बताया कि शुक्रवार को जिले की 35 ग्राम पंचायतों में 70 अधिकारियों-कर्मचारियों की टीम गठित कर मैदानी निरीक्षण कराया गया। दो-दो अधिकारियों की टीमों ने संबंधित ग्राम पंचायतों में पहुंचकर निर्धारित निरीक्षण प्रपत्र के अनुसार जानकारी दर्ज की। अधिकारियों द्वारा शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्वास्थ्य केंद्रों, छात्रावासों और ग्राम पंचायत कार्यालयों सहित विभिन्न संस्थानों का निरीक्षण किया गया।
उन्होंने कहा कि निरीक्षण का उद्देश्य केवल कमियां निकालना नहीं है, बल्कि यह देखना है कि किस स्थान पर सुधार की आवश्यकता है और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाकर किस तरह शासन की योजनाओं का पूरा लाभ आमजन तक पहुंचाया जा सकता है। निरीक्षण के दौरान सामने आने वाली कमियों को दूर करने के साथ आवश्यक नए कार्यों को विकास की कार्ययोजना में शामिल किया जाएगा।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि यदि निरीक्षण के दौरान किसी स्तर पर अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई भी की जाएगी। प्रशासन का प्रयास है कि शासकीय संस्थानों की सेवाएं और व्यवस्थाएं ग्रामीणों की जरूरतों के अनुरूप बेहतर हों।
प्रत्येक शुक्रवार अलग-अलग ब्लॉक में होंगे जन विश्वास शिविर
कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत तेंदूखेड़ा में जिले का दूसरा जन-संवाद शिविर आयोजित किया गया है। अभियान के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रत्येक शुक्रवार को अलग-अलग विकासखंडों में जन विश्वास शिविर और मैदानी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में शामिल हों। जब अधिकारी उनके गांव में निरीक्षण के लिए पहुंचें तो स्थानीय समस्याओं, आवश्यकताओं और विकास से जुड़े सुझावों से उन्हें अवगत कराएं। इससे समस्याओं का मौके पर संज्ञान लेकर उनके निराकरण की कार्रवाई की जा सकेगी और आवश्यक नए कार्यों को आगामी विकास योजनाओं में शामिल किया जा सकेगा।कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के माध्यम से शासन का प्रयास जिले में चहुंमुखी विकास सुनिश्चित करना है। अभियान का उद्देश्य केवल सरकारी योजनाओं की जानकारी देना नहीं, बल्कि पात्र लोगों को उनका वास्तविक लाभ दिलाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।उन्होंने कहा कि आर्थिक स्थिति में सुधार, बच्चों के लिए शिक्षा के बेहतर अवसर, रोजगार के अवसर और आर्थिक रूप से सशक्त परिवारों का निर्माण अभियान की प्रमुख भावना है। इसके माध्यम से आमजन को प्रदेश और देश के विकास में सहभागी बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
हितग्राहियों को वितरित किए गए हितलाभ
जन-संवाद कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी द्वारा हितलाभ वितरित किए गए। इसके साथ ही लाड़ली लक्ष्मी योजना की हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।हितलाभ प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने शासन की योजनाओं के माध्यम से मिल रही सहायता की जानकारी साझा की। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों ने भी विभिन्न विभागों की योजनाओं और पात्रता संबंधी जानकारी ग्रामीणों को दी।
जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष तुलाराम यादव, नगरपालिका अध्यक्ष सुरेशचंद जैन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष अनिता सिंह, नीतू साहू, रश्मि, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे, अपर कलेक्टर राकेश मोहन त्रिपाठी, एसडीएम गोस्वामी, तहसीलदार डॉ. विवेक व्यास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण भी जन-संवाद कार्यक्रम में पहुंचे।मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रशासन और ग्रामीणों के बीच सीधे संवाद का अवसर मिला। अधिकारियों द्वारा मौके पर समस्याओं की जानकारी लेने और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति जानने से ग्रामीण क्षेत्रों में शासन की सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में पहल की गई।
