पुलिस ने कई इलाकों में दी दबिश, कच्ची और देशी शराब जब्त; सैकड़ों लीटर महुआ लहान और शराब बनाने वाली भट्टियां मौके पर नष्ट

दमोह। सागर जिले में शराब के सेवन से हुई मौतों की घटना के बाद मध्य प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ शासन-प्रशासन और पुलिस की सक्रियता अचानक तेज हो गई है। घटना ने प्रदेश में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री की व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। इसके बाद पुलिस मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई तेज होती दिखाई दे रही है।
इसी क्रम में दमोह जिले में भी पुलिस ने अवैध शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और परिवहन के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदोरिया के निर्देशन में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
कार्रवाई का असर ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर शहरी इलाकों तक दिखाई दे रहा है। पुलिस ने कई स्थानों से कच्ची एवं देशी शराब जब्त करने के साथ ही शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया भारी मात्रा में महुआ लहान नष्ट किया। जहां अवैध शराब की भट्टियां संचालित मिलीं, उन्हें भी मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
कुचबंदिया मोहल्ले में पुलिस की दबिश, मिलीं चालू भट्टियां
दमोह शहर में थाना कोतवाली पुलिस ने सीएसपी एच.आर. पाण्डेय एवं थाना प्रभारी मनीष कुमार के नेतृत्व में उद्योग विभाग के पीछे, पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सामने स्थित कुचबंदिया मोहल्ला, सिविल वार्ड क्रमांक-02 में दबिश दी।पुलिस कार्रवाई के दौरान करीब 45 लीटर अवैध कच्ची शराब जब्त की गई। मौके पर शराब निर्माण के लिए संचालित 4 से 5 चालू भट्टियां भी मिलीं, जिन्हें पुलिस टीम ने नष्ट कर दिया। इसके अलावा करीब 150 लीटर महुआ लहान भी मौके पर नष्ट कराया गया।
पथरिया में एक साथ 13 मामलों में कार्रवाई
थाना पथरिया पुलिस ने भी अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। कार्रवाई में 13 आरोपियों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किए गए।पुलिस ने करीब 21 लीटर कच्ची शराब और 15 लीटर देशी शराब जब्त की, जबकि शराब निर्माण के लिए रखा गया करीब 350 लीटर महुआ लहान मौके पर ही नष्ट किया गया।
रनेह में 121 क्वार्टर देशी शराब बरामद
थाना रनेह पुलिस ने ग्राम बिजवार में कार्रवाई करते हुए अवैध शराब निर्माण और बिक्री के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने करीब 15 लीटर कच्ची शराब और 121 क्वार्टर देशी शराब बरामद की।इसके साथ ही करीब 150 किलोग्राम महुआ लहान नष्ट किया गया। कार्रवाई में पूजा पति भुजवल बुंदेला, गीता पति सनत बुंदेला, मुन्नी राजा पति हरिप्रसाद बुंदेला, सभी निवासी ग्राम बिजवार, तथा धनीराम राजपूत निवासी छैवला दुबे के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
मडियादो में चार महिलाओं पर कार्रवाई
थाना मडियादो पुलिस ने ग्राम मदनतोर में अवैध शराब के ठिकानों पर दबिश देकर चार महिला आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया।पुलिस ने मौके से करीब 30 लीटर कच्ची शराब जब्त की और शराब निर्माण के लिए तैयार किया गया लगभग 100 किलोग्राम महुआ लहान नष्ट किया।
पटेरा के तीन गांवों में पहुंची पुलिस

थाना पटेरा थाना प्रभारी रचना मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्राम ककरान, कोटा और बरखेड़ा बेस में कार्रवाई की। पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार से जुड़े 6 आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण कायम किए।कार्रवाई में करीब 24 लीटर कच्ची शराब और 8 लीटर देशी प्लेन शराब जब्त की गई, जबकि करीब 60 किलोग्राम महुआ लहान मौके पर नष्ट किया गया।
दमोह देहात थाना क्षेत्र में भी कार्रवाई
अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान से दमोह देहात थाना क्षेत्र भी अछूता नहीं रहा। थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई की गई। पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री से जुड़े संभावित ठिकानों पर निगरानी बढ़ाई गई है।
सागर की घटना के बाद बदला पुलिस का रुख
सागर जिले में शराब से जुड़ी घटना के बाद प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई को लेकर पुलिस-प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। दमोह में हुई लगातार कार्रवाई इसी अभियान का हिस्सा मानी जा रही है।पुलिस का फोकस उन स्थानों पर है, जहां कच्ची शराब तैयार करने के लिए भट्टियां संचालित की जाती हैं अथवा महुआ लहान तैयार कर शराब का निर्माण किया जाता है। पुलिस केवल शराब जब्त करने तक सीमित नहीं है, बल्कि अवैध शराब निर्माण की पूरी प्रक्रिया को मौके पर खत्म करने के लिए लहान और भट्टियों को भी नष्ट कर रही है।
अब सवाल कार्रवाई की निरंतरता का
सागर की घटना के बाद शुरू हुई यह कार्रवाई कितने समय तक लगातार जारी रहती है, यह महत्वपूर्ण होगा। दमोह में पुलिस ने फिलहाल कई थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर यह संदेश देने का प्रयास किया है कि अवैध शराब के निर्माण और कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध शराब के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और सूचना मिलने पर संबंधित स्थानों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
