एसपी आनंद कलादगि और एएसपी सुजीत सिंह भदौरिया ने गणेश उत्सव समितियों व डीजे संचालकों को दिए दिशा-निर्देश
दमोह। आगामी गणेश चतुर्थी और गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए दमोह पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में पुलिस कंट्रोल रूम दमोह में पुलिस अधिकारियों, हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों, गणेश उत्सव समितियों और डीजे-साउंड संचालकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगि (IPS) ने की। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया सहित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। एसपी ने आयोजन समितियों और डीजे संचालकों से सीधे संवाद करते हुए त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
रात 10 बजे के बाद डीजे पर प्रतिबंध
पुलिस ने स्पष्ट किया कि न्यायालय और शासन के निर्धारित नियमों के अनुसार ही डीजे एवं साउंड सिस्टम का संचालन किया जाएगा। निर्धारित डेसिबल सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा। वहीं रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर और डीजे के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा।पुलिस ने आयोजकों को आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले गाने और नारे नहीं बजाने की सख्त हिदायत दी।
पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था जरूरी
गणेश पंडालों में बिजली की वायरिंग सुरक्षित रखने, शॉर्ट सर्किट और आगजनी की घटनाओं से बचाव के लिए आवश्यक सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक पंडाल में अग्निशामक यंत्र, पानी और रेत की व्यवस्था रखने को कहा गया।श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और संभव हो तो सीसीटीवी कैमरे लगाने की सलाह भी दी गई।
बिना अनुमति आयोजन नहीं
पंडाल निर्माण, विद्युत कनेक्शन और गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के लिए संबंधित विभागों से निर्धारित प्रक्रिया के तहत वैधानिक अनुमति लेना अनिवार्य रहेगा। पुलिस और प्रशासन ने आयोजन समितियों से समय रहते सभी आवश्यक अनुमतियां लेने की अपील की।
विसर्जन जुलूस में यातायात का रखें ध्यान
भीड़ नियंत्रण के लिए गणेश उत्सव समितियों को जिम्मेदार स्वयंसेवकों की सूची संबंधित थाने में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। विसर्जन जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए निर्धारित मार्ग और पुलिस-प्रशासन के निर्देशों का पालन करने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर नजर
बैठक में सोशल मीडिया को लेकर भी पुलिस ने लोगों को सतर्क किया। किसी भी प्रकार की भ्रामक सूचना, अफवाह या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट को शेयर या प्रसारित नहीं करने की हिदायत दी गई।बैठक के अंत में एसपी आनंद कलादगि और एएसपी सुजीत सिंह भदौरिया ने सभी संगठनों एवं आयोजन समितियों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने और गणेशोत्सव को पारंपरिक उल्लास, शांति और आपसी भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। आयोजकों ने भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और निर्धारित नियमों का पालन करने में पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
