इंदौर/ सांवेर विधानसभा क्षेत्र के मांगलिया में निर्माणाधीन इंदौर-देवास रेलवे समपार ओवरब्रिज का जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट ने निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। लगभग 45 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस ओवरब्रिज को क्षेत्रीय यातायात व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग और रेलवे के अधिकारियों ने निर्माण कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। मंत्री ने ओवरब्रिज की ड्राइंग और डिजाइन का अवलोकन किया तथा रतलाम मंडल के डीआरएम से दूरभाष पर चर्चा कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। बताया गया कि रेलवे ओवरब्रिज की लंबाई लगभग 790 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर प्रस्तावित है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समयसीमा में पूर्ण किया जाए। लोक निर्माण विभाग और रेलवे के बीच समन्वय बनाकर काम करने तथा हर 15 दिन में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत कर नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए गए।बताया गया कि यह ओवरब्रिज ओंकारेश्वर से महाकालेश्वर उज्जैन लिंक मार्ग पर स्थित है, जहां प्रतिदिन हजारों वाहनों का आवागमन होता है। ओवरब्रिज बनने के बाद क्षेत्र में यातायात सुगम होगा और प्रतिदिन एक लाख से अधिक लोगों को आवागमन में राहत मिलने की संभावना है।निरीक्षण के दौरान जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और स्थानीय ग्रामीणजन भी उपस्थित रहे।
