दमोह। सर्व स्वर्णकार सोनी समाज द्वारा आदि पुरुष महाराजा अजमीढ़ देव जी की जयंती धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई तथा महाआरती, मंचीय कार्यक्रम और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। समारोह में समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं, मातृशक्ति और बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

जयंती समारोह के एक दिन पूर्व घंटाघर पर दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके बाद सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को सुबह बकौली चौराहे पर महाराजा अजमीढ़ देव जी का पूजन-अर्चन किया गया और भव्य शोभायात्रा प्रारंभ हुई।शोभायात्रा बकौली चौराहे से प्रारंभ होकर टॉकीज तिराहा, पुराना थाना और महाकाली चौक सहित नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए घंटाघर पहुंची। यहां से यात्रा पुनः बकौली चौराहे पहुंची, जहां कार्यक्रम का समापन हुआ। शोभायात्रा के दौरान समाजजनों में उत्साह और आयोजन के प्रति विशेष उमंग देखने को मिली।
महाआरती के बाद हुआ मंचीय कार्यक्रम
शोभायात्रा के समापन के पूर्व सर्व स्वर्णकार सोनी समाज के सदस्यों ने महाराजा अजमीढ़ देव जी की महाआरती की। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। मातृशक्ति की प्रतिनिधि के रूप में कवयित्री मनोरमा रातले ने उपस्थित समाजजनों को संबोधित किया। हटा से आए कन्हैयालाल सराफ ने भी अपने विचार रखे।युवा नेता सिद्धार्थ मलैया ने कार्यक्रम में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए सामाजिक एकजुटता और समाज की सक्रिय भागीदारी के महत्व पर विचार व्यक्त किए। इसके साथ ही पटेरा, पथरिया और हटा से आए समाजजनों ने भी अपने विचार साझा किए।
नन्ही बालिकाओं ने प्रस्तुत की नृत्य-नाटिका
समारोह में समाज की नन्ही बालिकाओं ने आकर्षक नृत्य-नाटिका प्रस्तुत कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। सांस्कृतिक प्रस्तुति ने कार्यक्रम को विशेष रंग प्रदान किया। समाज के वरिष्ठ सदस्य कपिल सोनी, मनीष सोनी, पंकज जड़िया, अनुपम जड़िया, सुशील सोनी और बृजकिशोर सोनी ने भी मंच से अपने विचार व्यक्त किए।इस अवसर पर डॉ. नवीन सोनी, डॉ. गौरीशंकर सोनी सहित समाज के अनेक वरिष्ठजन उपस्थित रहे। आयोजन में मातृशक्ति की बड़ी संख्या में सहभागिता रही, जिसने समारोह की गरिमा और उत्साह को बढ़ाया।
समाजजनों के सहयोग से सफल हुआ आयोजन
महाराजा अजमीढ़ देव जयंती समारोह को सफल बनाने में अज्जू जड़िया, दीपेश सोनी, राजाराम सोनी, रीतेश सोनी, राजेश सोनी, मोहनीश सोनी, राजेंद्र सोनी, श्याम बिहारी चिड़िया, प्रेम सोनी, विष्णु जड़िया, श्रीकांत सोनी, श्यामू जड़िया, रामू जड़िया, कृष्णा सोनी, नेहाल सोनी, कैलाश सोनी, शुभम सोनी और ध्रुव सोनी सहित अनेक समाजजनों का सहयोग रहा।कार्यक्रम का सफल संचालन मनीष सोनी ने किया, जबकि युवा स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष वीरेंद्र सोनी ने अंत में सभी अतिथियों, समाजजनों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।महाराजा अजमीढ़ देव जी की जयंती पर आयोजित इस समारोह ने समाज की एकजुटता, सांस्कृतिक परंपराओं और आपसी सहयोग की भावना को अभिव्यक्त किया।
