पटाखा बाजारों में सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दुकानदारों को जरूरी सावधानियां बरतने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी तरह की आगजनी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई हो सके इसके लिए अग्निशमन उपकरण दुकानों के बाहर रखे गए हैं। फायर एक्सटिंग्विशर के साथ रेत की बाल्टियां और पानी के ड्रम भी उपलब्ध कराए गए हैं। फायर ब्रिगेड की गाड़ियां इन बाजारों के आसपास राउंड लगाकर स्थिति पर नजर रख रही हैं। प्रशासन का प्रयास है कि त्योहार के दौरान पटाखों की बिक्री और खरीदारी के बीच किसी तरह की अप्रिय घटना न हो।
इंदौर में पश्चिम क्षेत्र के रीजनल पार्क के पास खाली मैदान में पटाखा बाजार लगाया गया है। इसके अलावा राजीव गांधी के समीप देवी अहिल्या पटाखा मार्केट राऊ गोपुर चौराहे के पास मैदान सिलिकॉन सिटी और देवगुराड़िया में भी पटाखों की दुकानें लगी हैं। इन सभी स्थानों पर सुरक्षा के लिहाज से अग्निशमन उपकरण और रेत की बाल्टियां रखी गई हैं। दुकानों के बाहर सूचना से जुड़े पोस्टर भी लगाए गए हैं ताकि ग्राहकों और व्यापारियों को जरूरी सावधानियों की जानकारी मिल सके।
शहर के प्रमुख बाजारों में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी पुलिस ने विशेष तैयारी की है। राजबाड़ा और आसपास के बाजारों में त्योहार के दौरान भारी भीड़ उमड़ती है। यहां पैदल चलने वालों और खरीदारी करने वाले ग्राहकों की संख्या बढ़ने से सड़क पर जाम की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए राजबाड़ा क्षेत्र में फोर व्हीलर ऑटो रिक्शा और ई-रिक्शा का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया है। जरूरत पड़ने पर दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगाई जा सकती है। क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती के साथ पेट्रोलिंग पार्टी लगातार गश्त कर रही है।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों को भी निर्देश दिए जा रहे हैं। मुनादी के जरिए दुकानदारों से कहा जा रहा है कि वे अपना सामान निर्धारित सीमा के भीतर ही रखें। सड़क और फुटपाथ पर सामान फैलाने से रास्ता संकरा होता है और बाजारों में जाम की समस्या बढ़ती है। इसलिए दुकानों के बाहर निर्धारित जगह से आगे सामान नहीं रखने की हिदायत दी जा रही है। त्योहार को देखते हुए अलग-अलग स्थानों पर पुलिस जवानों की तैनाती भी की गई है।
पटाखा व्यापारियों के मुताबिक इस बार ग्राहकों में खरीदारी को लेकर अच्छा उत्साह है। व्यापारी अमन वर्मा ने बताया कि खुदरा ग्राहकी बढ़ रही है और फैंसी पटाखों की मांग ज्यादा है। बच्चों को आकर्षित करने वाले अनोखे पटाखों के साथ कार और रेल के आकार वाले पटाखे भी ग्राहकों को पसंद आ रहे हैं। उन्होंने बताया कि दुकानदार प्रशासन की गाइडलाइन का पालन कर रहे हैं और सुरक्षा के लिए फायर एक्सटिंग्विशर रेत की बाल्टियां तथा पानी के ड्रम रखे गए हैं।
व्यापारी भावेश यादव के अनुसार अलग-अलग कंपनियों के पटाखों की मांग बनी हुई है। इन दिनों रंगीन पटाखे ग्राहकों के बीच खास पसंद किए जा रहे हैं। दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बढ़ रही है। कुल मिलाकर इंदौर में दीपावली को लेकर बाजार सज चुके हैं और प्रशासन सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था संभालने में जुटा है। अब त्योहार के दौरान लोगों की जिम्मेदारी भी है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें और बाजारों में अनावश्यक वाहन लेकर जाने से बचें।
