जानकारी के मुताबिक यह पूरा मामला शिवपुरी जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के ढांड गांव का है। गुरुवार रात करीब 9 बजे ग्रामीणों ने आसमान से एक संदिग्ध वस्तु को नीचे गिरते देखा। अचानक हुई इस घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग हैरान रह गए। इसके बाद गांव के कुछ युवा घटनास्थल पर पहुंचे और उन्होंने वस्तु की जांच की तो वह ड्रोन जैसा उपकरण निकला। धीरे-धीरे इस बात की जानकारी दूसरे ग्रामीणों तक भी पहुंच गई। इसके बाद ग्रामीण संजीव कुशवाह के घर के पास जमा हो गए। लोगों को समझ नहीं आ रहा था कि आखिर यह ड्रोन कहां से आया और किस काम के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने प्रशासन को इसकी जानकारी दी।
सूचना मिलने के बाद नायब तहसीलदार और दिनारा थाना पुलिस की टीम तत्काल गांव पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संदिग्ध ड्रोन कैमरे को अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद नियमानुसार पंचनामा तैयार किया गया और उपकरण को सुरक्षित रखवा दिया गया। पुलिस और प्रशासन अब इस बात का पता लगाने में जुटे हैं कि ड्रोन किसका है और यह किस उद्देश्य से उड़ाया जा रहा था। इसके तकनीकी पहलुओं की जांच के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
इस मामले में दिनारा थाना प्रभारी अरविंद छारी ने बताया कि ढांड गांव आर्मी एरिया से सटा हुआ है। शुरुआती जानकारी के अनुसार संदिग्ध ड्रोन उसी इलाके की तरफ से आया था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि यह सेना का ड्रोन हो सकता है जो किसी तकनीकी खराबी या अन्य कारण से अपना संतुलन खोकर गांव में गिर गया। हालांकि पुलिस ने अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ड्रोन के स्रोत और उसके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
फिलहाल पुलिस ने ड्रोन को सुरक्षित कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। आर्मी एरिया के नजदीक इस तरह का उपकरण मिलने के बाद सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ग्रामीणों की नजर अब जांच के नतीजों पर टिकी है। यह पता लगना बाकी है कि आसमान से गिरा यह ड्रोन सेना का था या किसी अन्य व्यक्ति अथवा संस्था द्वारा इस्तेमाल किया जा रहा था।
