इंदौर। शहर के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने की दिशा में नगर निगम ने भागीरथपुरा क्षेत्र को बड़ी सौगात दी है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने वार्ड क्रमांक 11 अंतर्गत भागीरथपुरा में 80 लाख रुपये की लागत से बनने वाली नई सड़क का विधिवत भूमिपूजन किया। यह सड़क भागीरथपुरा आंगनबाड़ी से साईं मंदिर तक निर्मित की जाएगी, जिससे क्षेत्र के हजारों नागरिकों को सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी और लंबे समय से चली आ रही समस्याओं से राहत मिलेगी।
भूमिपूजन के दौरान महापौर ने कहा कि नगर निगम की प्राथमिकता बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में ड्रेनेज और जलप्रदाय लाइन बिछाने का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से जारी है। पाइपलाइन का काम पूरा होने के साथ ही सड़कों के निर्माण और डामरीकरण को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि नागरिकों को धूल, कीचड़ और खराब मार्गों से स्थायी राहत मिल सके।
महापौर ने कहा कि भागीरथपुरा में सड़क निर्माण से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को भी नई गति मिलेगी। यह परियोजना स्थानीय रहवासियों के लिए लंबे समय से अपेक्षित सुविधा प्रदान करेगी और बुनियादी ढांचे को मजबूत करेगी।
इस अवसर पर नगर निगम के अपर आयुक्त अभय राजनगांवकर, जोनल अधिकारी आनंद रैदास सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिकों ने भाग लेकर विकास कार्यों का स्वागत किया।
क्षेत्रीय पार्षद कमल बघेला ने सड़क निर्माण की स्वीकृति पर महापौर और नगर निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ड्रेनेज और जलप्रदाय व्यवस्था के साथ सड़क निर्माण से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह कार्य भागीरथपुरा के विकास में मील का पत्थर साबित होगा और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा।
