शताब्दी वर्ष के सेवा प्रकल्पों को विस्तार देने का आह्वान, समरस समाज निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया
( आचार्य नारायण वैष्णव)
इंदौर, 24 मार्च 2026/डा. हेडगेवार स्मारक समिति के स्थापना दिवस एवं नववर्ष के उपलक्ष्य में मंगलवार को सुदर्शन भवन, पंत वैद्य कॉलोनी में वरिष्ठ स्वयंसेवकों का विशेष एकत्रीकरण आयोजित किया गया। कार्यक्रम में शताब्दी वर्ष के निमित्त समय समर्पण भाव जागरण किया गया, जिसमें सैकड़ों वरिष्ठ स्वयंसेवकों ने समाजहित में समयदान का संकल्प लिया। इस अवसर पर समिति द्वारा संचालित सेवा प्रकल्पों की विस्तृत प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसे उपस्थित स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक देखा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता मालवा प्रांत के बौद्धिक प्रमुख सुनील जी बागुल ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि समाज वही अपनाता है जो वह प्रत्यक्ष देखता है। स्वयंसेवक का आचरण और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत होता है। उन्होंने कहा कि संघ की सेवा गतिविधियां समाज में विश्वास और सहभागिता बढ़ाने का सशक्त माध्यम हैं। शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित पथ संचलन और हिंदू सम्मेलन में समाज की व्यापक भागीदारी इसका जीवंत उदाहरण है। उन्होंने स्वयंसेवकों से सेवा प्रकल्पों में अधिक से अधिक समय देने का आग्रह किया।
समिति के अध्यक्ष ईश्वर जी हिंदुजा एवं मंत्री राकेश कुमार यादव ने बताया कि वर्ष प्रतिपदा एवं समिति के स्थापना दिवस पर प्रतिवर्ष वरिष्ठ स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण आयोजित किया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी सुदर्शन भवन में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें सेवा कार्यों को गति देने और समाज के विभिन्न वर्गों तक पहुंच बढ़ाने के लिए समयदान का संकल्प लिया गया।
उपाध्यक्ष रुपेश पाल ने समिति द्वारा संचालित सेवा प्रकल्पों

की जानकारी देते हुए बताया कि हरसिद्धि क्षेत्र में फिजियोथेरेपी केंद्र संचालित किया जा रहा है। रामबाग अर्चना कार्यालय पर एक्युप्रेशर चिकित्सा केंद्र संचालित है, वहीं पलासिया क्षेत्र में “संकल्प” के माध्यम से पीएससी परीक्षा की तैयारी करवाई जा रही है। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य शिविर, योग शिविर, रक्तदान शिविर सहित अनेक सेवा गतिविधियां वर्षभर आयोजित की जाती हैं।
उन्होंने आगे बताया कि आगामी वर्ष में सेवा कार्यों को और विस्तार देने की योजना है। इस क्रम में लाइब्रेरी एवं परिवार परामर्श केंद्र प्रारंभ किए जाएंगे। साथ ही विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन केंद्र और योग केंद्र की स्थापना भी की जाएगी। इन सभी प्रकल्पों में सक्रिय सहभागिता हेतु उपस्थित सैकड़ों स्वयंसेवकों ने समय समर्पण का संकल्प लिया।
संत रविदास जी के 650वें प्राकट्य वर्ष पर समरस समाज का संदेश
कार्यक्रम में हरियाणा के समालखा में आयोजित अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा में सरकार्यवाह दत्तात्रेय जी होसबोले द्वारा संत शिरोमणि रविदास जी के 650वें प्राकट्य वर्ष पर दिए गए वक्तव्य का वाचन राकेश जी यादव ने किया। उन्होंने संत रविदास जी के जीवन संदेश को रखते हुए समाज में समरसता, एकात्मता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का आह्वान किया। इस दौरान उपस्थित स्वयंसेवकों को समरस समाज निर्माण का संकल्प भी दिलाया गया।कार्यक्रम में पिछले वर्ष दिवंगत स्वयंसेवकों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। संचालन उमेश जी वर्मा ने किया। आयोजन में बड़ी संख्या में वरिष्ठ स्वयंसेवक एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
