दमोह 25 मार्च /जिले में पेट्रोल, डीज़ल और रसोई गैस की उपलब्धता को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आम नागरिकों को राहत दी है। कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने अधिकारियों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक कर आपूर्ति व्यवस्था का जायजा लिया और स्पष्ट किया कि दमोह जिले में किसी भी प्रकार की कमी नहीं है। सभी डिपो, पेट्रोल पंप और गैस एजेंसियों पर पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित विभागों—खाद्य, नागरिक आपूर्ति, तेल कंपनियों के प्रतिनिधियों तथा गैस एजेंसियों—से वर्तमान स्टॉक, दैनिक खपत और आपूर्ति चक्र की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि जिले में पेट्रोल और डीज़ल का पर्याप्त भंडार मौजूद है तथा नियमित रूप से टैंकरों के माध्यम से आपूर्ति हो रही है। इसी तरह घरेलू गैस सिलेंडरों की उपलब्धता भी सामान्य है और उपभोक्ताओं को समय पर वितरण किया जा रहा है।
अफवाहों से बचने की अपील कलेक्टर ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें। अनावश्यक घबराहट में पेट्रोल-डीजल भरवाने या गैस सिलेंडर का अतिरिक्त स्टॉक करने से कृत्रिम कमी की स्थिति बन सकती है। उन्होंने कहा कि सभी नागरिक अपनी आवश्यकता अनुसार ही सामग्री लें और प्रशासन पर विश्वास बनाए रखें।

जमाखोरी व कालाबाजारी पर सख्तीबैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की जमाखोरी, कालाबाजारी या कृत्रिम संकट पैदा करने की कोशिश पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी तथा आवश्यकतानुसार निरीक्षण दल भी गठित किए जाएंगे।
प्रशासन अलर्ट मोड में प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सक्रिय है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त स्टॉक भी उपलब्ध कराया जा सकता है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थिति पर निरंतर नजर रखें और किसी भी तरह की समस्या सामने आने पर तुरंत समाधान सुनिश्चित करें।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि अफवाहों से बचें, शांति बनाए रखें और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं।
