दमोह। भगवान परशुराम प्रकटोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर सर्व ब्राह्मण समाज द्वारा व्यापक तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। 20 अप्रैल 2026 को आयोजित होने वाले प्रकटोत्सव और भव्य शोभायात्रा की तैयारियों के लिए सिविल वार्ड क्रमांक 4 स्थित श्री शिव पार्वती मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों से आए विप्रजनों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आयोजन को ऐतिहासिक बनाने पर जोर दिया।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि भगवान परशुराम प्रकटोत्सव केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने का अवसर भी है। इस वर्ष शोभायात्रा को अधिक भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया तथा अलग-अलग वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों की जिम्मेदारियां टीम बनाकर सदस्यों को सौंपी गईं।
प्रचार-प्रसार पर विशेष रणनीति
बैठक में निर्णय लिया गया कि आयोजन के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सोशल मीडिया, फ्लेक्स बैनर, पोस्टर, प्रिंट मीडिया एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया का सहारा लिया जाएगा। साथ ही घर-घर संपर्क अभियान चलाकर समाज के लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। आयोजन में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया गया।
अगली बैठक 29 मार्च को
सर्व ब्राह्मण समाज ने बताया कि आगामी रणनीति को अंतिम रूप देने के लिए 29 मार्च 2026, रविवार को शाम 8 बजे पुनः श्री शिव पार्वती मंदिर प्रांगण में अगली बैठक आयोजित की जाएगी। समाज के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक विप्रजनों से बैठक में उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।
बैठक में उपस्थित जनों ने संकल्प लिया कि इस वर्ष भगवान परशुराम प्रकटोत्सव को शहर का भव्य और ऐतिहासिक आयोजन बनाया जाएगा, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।
