इंदौर। विजयनगर इलाके में खड़ी कार में आग लगाने की घटना ने चौंकाने वाला मोड़ ले लिया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि महज 15 हजार रुपये में निजी रंजिश के चलते यह साजिश रची गई थी। पूरे मामले की मास्टरमाइंड एक महिला निकली, जिसने बदला लेने के लिए आरोपी को कार में आग लगाने के लिए भेजा था।
रात में जल उठी कार, मचा हड़कंप
थाना प्रभारी चंद्रकांत पटेल के अनुसार 16 मार्च 2026 की देर रात कपिल चौहान की घर के बाहर खड़ी वेगनआर कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। देखते ही देखते कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई और क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
350 सीसीटीवी फुटेज खंगाले
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की। करीब 350 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, साइबर सेल की मदद ली गई और मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया। जांच के दौरान मिले सुराग के आधार पर 28 मार्च को देवास निवासी अजय चौहान को निरंजनपुर क्षेत्र से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया गया। भागने की कोशिश में आरोपी घायल भी हो गया।
महिला ने रची थी पूरी साजिश
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने यह वारदात इंदौर निवासी मनीषा अग्रवाल के कहने पर की। महिला ने उसे 15 हजार रुपये देकर कार में आग लगाने को कहा था। जांच में सामने आया कि फरियादी के छोटे भाई से अपनी बेटी की शादी तय न होने से महिला नाराज थी और इसी निजी रंजिश के चलते उसने बदला लेने के लिए यह साजिश रची।
पहले भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि महिला पहले भी फरियादी पक्ष को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर चुकी थी। उसने मोटरसाइकिल चोरी करवाकर उसी का उपयोग इस वारदात में कराया था।
आरोपी गिरफ्तार, जांच जारी
पुलिस ने महिला मास्टरमाइंड सहित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच जारी है। घटना ने यह भी दिखा दिया कि छोटी सी रंजिश किस तरह बड़े अपराध का रूप ले सकती है।
