सांसद राहुल सिंह लोधी के प्रयास रंग लाए, क्षेत्रीय विकास को मिलेगी नई गति
दमोह/ बुंदेलखंड क्षेत्र की वर्षों पुरानी रेल कनेक्टिविटी की मांग को बड़ी सफलता मिली है। दमोह सांसद राहुल सिंह लोधी के लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप दो महत्वपूर्ण नई रेल लाइनों के सर्वे के लिए राशि स्वीकृत कर दी गई है। इस निर्णय को बुंदेलखंड के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है, जिससे क्षेत्र के विकास, व्यापार और पर्यटन को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली प्रस्तावित रेल लाइन दमोह–हटा–खजुराहो के बीच लगभग 125 किलोमीटर लंबी होगी। यह रेल मार्ग बुंदेलखंड के महत्वपूर्ण कस्बों और ग्रामीण क्षेत्रों को सीधे जोड़ते हुए खजुराहो तक पहुंच बनाएगा। दूसरी प्रस्तावित रेल लाइन सागर–छतरपुर–खजुराहो होते हुए भोपाल तक लगभग 320 किलोमीटर लंबी होगी, जिससे बुंदेलखंड का सीधा संपर्क प्रदेश की राजधानी से स्थापित हो सकेगा।
कनेक्टिविटी मजबूत, सफर होगा आसान
नई रेल लाइन बनने से दमोह, हटा, सागर, छतरपुर और खजुराहो सहित आसपास के कई क्षेत्रों को सीधा लाभ मिलेगा। वर्तमान में इन क्षेत्रों के बीच रेल संपर्क सीमित होने के कारण यात्रियों को लंबा रास्ता तय करना पड़ता है। प्रस्तावित परियोजना पूरी होने पर यात्रा समय कम होगा और लोगों को सुरक्षित व सस्ती परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
व्यापार और उद्योग को मिलेगा बढ़ावा
रेल संपर्क मजबूत होने से क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। कृषि उत्पाद, खनिज, पत्थर उद्योग, लघु उद्योग और स्थानीय व्यवसायों को बड़े बाजारों तक पहुंच मिलेगी। इससे किसानों, व्यापारियों और उद्यमियों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
पर्यटन को मिलेगा बड़ा फायदा
खजुराहो विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थल है, जहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। नई रेल लाइन बनने से पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी, जिससे होटल, परिवहन, हस्तशिल्प और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। इससे बुंदेलखंड का पर्यटन मानचित्र और मजबूत होगा।
रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद
रेल परियोजना के सर्वे, निर्माण और संचालन के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे। निर्माण कार्य में श्रमिकों, तकनीकी कर्मचारियों और अन्य सेवाओं की मांग बढ़ेगी, जिससे युवाओं को लाभ मिलेगा।सांसद राहुल सिंह लोधी ने इस स्वीकृति को बुंदेलखंड के विकास की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव तथा मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास की नई आधारशिला साबित होगी और लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करेगी।उन्होंने यह भी कहा कि सर्वे कार्य के बाद आगामी चरणों में परियोजना को स्वीकृति दिलाने और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे, ताकि बुंदेलखंड को बेहतर रेल सुविधा जल्द मिल सके।
