दमोह, 07 अप्रैल 2026/ बांदकपुर स्थित प्रसिद्ध जागेश्वरनाथ लोक के निर्माणाधीन विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सुभाष सोलंकी, विधायक जयंत कुमार मलैया तथा कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर की गरिमामय उपस्थिति रही। बैठक में मंदिर समिति, प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भाग लेकर निर्माण कार्यों की प्रगति तथा भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत चर्चा की।
श्रद्धालुओं को सरल और व्यवस्थित सुविधाएं प्राथमिकता
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं मंदिर समिति संरक्षक सुभाष सोलंकी ने कहा कि जागेश्वरनाथ लोक में आने वाले श्रद्धालुओं को सरल, सुलभ एवं व्यवस्थित सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि मंदिर परिसर में प्रवेश, दर्शन, पार्किंग, पेयजल, प्रतीक्षालय और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं को व्यवस्थित ढंग से विकसित किया जाए। साथ ही उन्होंने डिजिटल व्यवस्था विकसित करने पर जोर देते हुए कहा कि लाइव दर्शन, ऑनलाइन जानकारी और भीड़ प्रबंधन जैसी सुविधाएं विकसित होने से श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी।
सौंदर्यकरण की पहले से बने ठोस योजना
विधायक जयंत कुमार मलैया ने कहा कि कॉरिडोर निर्माण पूर्ण होने के बाद क्षेत्र का सौंदर्यकरण किस प्रकार किया जाएगा, इसकी अभी से कल्पना कर ठोस योजना तैयार करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मंदिर परिसर के आसपास हरियाली, प्रकाश व्यवस्था, मार्ग चौड़ीकरण, श्रद्धालु सुविधाएं और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए समग्र विकास की दिशा में कार्य किया जाना चाहिए। भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालीन योजना बनाना जरूरी है।
प्रशासन ने सभी सुझावों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने बताया कि बैठक का उद्देश्य निर्माण कार्यों की समीक्षा करना और संभावित समस्याओं के समाधान पर चर्चा करना था। उन्होंने कहा कि बैठक में उठाए गए सभी बिंदुओं को गंभीरता से नोट किया गया है और प्रत्येक विषय पर विस्तृत कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए अनेक महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त हुए हैं, जिन्हें प्रशासन, मंदिर समिति और जनप्रतिनिधियों के सहयोग से लागू किया जाएगा।
निर्माण कार्यों का किया निरीक्षण
बैठक के पश्चात विधायक जयंत कुमार मलैया और कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने निर्माणाधीन कॉरिडोर, मुख्य द्वार, मंदिर परिसर सहित अन्य स्थलों का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने और निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।जागेश्वरनाथ लोक के विकास कार्य पूर्ण होने के बाद बांदकपुर क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। बेहतर सुविधाओं के साथ यह स्थल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी।
