भोपाल/ प्रदेश में चोरी, लूट और नकबजनी जैसे संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के लिए मध्यप्रदेश पुलिस ने व्यापक अभियान चलाया है। बीते एक सप्ताह के दौरान विभिन्न जिलों में की गई कार्रवाइयों में पुलिस ने 1 करोड़ 11 लाख रुपये से अधिक मूल्य की संपत्ति बरामद कर कई आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आधुनिक तकनीक, सीसीटीवी फुटेज, साइबर विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने कई मामलों का खुलासा करने में सफलता प्राप्त की।
इंदौर ग्रामीण के किशनगंज थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर हुई लूट की घटना में पुलिस ने विशेष जांच टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर टीम राजस्थान के अजमेर तक पहुंची, जहां स्थानीय पुलिस और जीआरपी के सहयोग से दो आरोपियों को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने वाहन पंचर कर लूट की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन के टुकड़े, नगदी, मोबाइल, वाहन और हथियार सहित 31 लाख 68 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
इंदौर शहर में कनाडिया थाना पुलिस ने अंतरराज्यीय गैंग के एक सदस्य को हरियाणा के गुरुग्राम क्षेत्र से गिरफ्तार किया। पुलिस टीम ने मानेसर में तीन दिन तक निगरानी कर कार्रवाई की। आरोपी के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात और कार सहित करीब 25 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
टीकमगढ़ जिले के खरगापुर और बम्हौरीकलां थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों ने सुनसान घरों की रेकी कर रात में चोरी करना स्वीकार किया। पुलिस ने सोने-चांदी के आभूषण, नगदी, वाहन और औजार सहित 18 लाख 88 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की।
कटनी के माधवनगर थाना क्षेत्र में फिनो पेमेंट बैंक डिस्ट्रीब्यूटर से हुई लगभग 13 लाख रुपये की चोरी का चंद घंटों में खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी से 12 लाख 51 हजार रुपये नगद और वाहन जब्त किया।
शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने नकबजनी की दो घटनाओं का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से फ्रिज, एलईडी टीवी, मिक्सर, साउंड सिस्टम, पीतल की सामग्री और लोडिंग वाहन सहित करीब 5 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
उज्जैन जिले में घट्टिया थाना पुलिस ने रेस्टोरेंट से चोरी हुए सोने के आभूषण, पर्स और मोबाइल सहित करीब 9 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की। वहीं नागदा थाना पुलिस ने 60 घंटे के भीतर चोरी का खुलासा कर 4 लाख 60 हजार रुपये के चांदी के जेवरात जब्त किए।
विदिशा के नटेरन थाना पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर नगदी और मोबाइल सहित करीब 2 लाख 7 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की। वहीं मुगलसराय थाना पुलिस ने एक अन्य चोरी के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर सोना और नगदी सहित लगभग 1 लाख रुपये की संपत्ति बरामद की।
भिंड जिले के गोहद चौराहा थाना पुलिस ने पिछले महीने हुई चोरी का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 1 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। उमरिया जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में घर में चोरी करने वाले दो आरोपियों को पकड़कर 50 हजार रुपये की संपत्ति बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध यह अभियान लगातार जारी रहेगा। आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ चोरी और लूट की घटनाओं में प्रयुक्त नेटवर्क को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई की जा रही है, ताकि प्रदेश में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाया जा सके।
