दमोह। जिले के मगरोन थाना क्षेत्र में नाबालिग से दुष्कर्म के आरोप में दर्ज प्रकरण ने नया मोड़ ले लिया है। मामले में नामजद आरोपी जनपद सदस्य कुंदन आदिवासी की रेलवे ट्रैक पर कटी हुई लाश मिलने से सनसनी फैल गई। प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन से कटकर आत्महत्या का बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
एएसपी ने दी जानकारी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुजीत सिंह भदौरिया ने बताया कि परसों मगरोन थाने में नाबालिग से दुष्कर्म का मामला संगीन धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। नामजद आरोपी की तलाश पुलिस टीम द्वारा लगातार की जा रही थी। इसी बीच आज सुबह जबलपुर चौकी क्षेत्र से सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है, जो प्रथम दृष्टया ट्रेन कटिंग का मामला प्रतीत हो रहा था।

उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी सहित थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। मौके पर पंचनामा कार्रवाई की गई और शव की पहचान परिजनों द्वारा कुंदन आदिवासी के रूप में की गई।
14 वर्षीय नाबालिग ने लगाया था आरोप
जानकारी के अनुसार मगरोन थाना क्षेत्र की कक्षा आठवीं में पढ़ने वाली 14 वर्षीय नाबालिग ने आरोपी पर दुष्कर्म का आरोप लगाया था। मेडिकल परीक्षण में पीड़िता के लगभग पांच माह की गर्भवती होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी थी।
ऐसे सामने आया था मामला
बुधवार को नाबालिग को अचानक पेट में दर्द हुआ, जिसके बाद उसने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन मगरोन थाने पहुंचे, जहां से पीड़िता को महिला थाना दमोह भेजा गया। वहां मामला दर्ज कर जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण कराया गया। गर्भावस्था की पुष्टि होने के बाद पीड़िता को बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
रेलवे ट्रैक पर मिला शव
सूत्रों के अनुसार आरोपी फरार चल रहा था। इसी दौरान समन्ना रेलवे ट्रैक के पास उसकी ट्रेन से कटकर मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एसडीओपी पथरिया प्रिया सिंधी और पुलिस बल की मौजूदगी में मौके का निरीक्षण किया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
जांच जारी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। आत्महत्या के कारण, घटनास्थल की परिस्थितियों और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी।
घटना ने पूरे जिले को झकझोर दिया है। एक ओर नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला और दूसरी ओर आरोपी की संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से कटकर मौत ने प्रकरण को और संवेदनशील बना दिया है।
