जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 के तहत ग्राम समन्ना के बड़े तालाब परिसर में श्रमदान, जनभागीदारी से दिया जल संरक्षण का संदेश
दमोह, 11 अप्रैल 2026/जल गंगा संवर्धन अभियान 2.0 के अंतर्गत जनपद पंचायत दमोह की ग्राम पंचायत समन्ना में बड़े तालाब परिसर में व्यापक श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद राहुल सिंह लोधी ने ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्वयं श्रमदान कर तालाब एवं घाटों की साफ-सफाई की और जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता का संदेश दिया।कार्यक्रम के दौरान तालाब की गंदगी हटाने, झाड़ियां साफ करने, घाटों की सफाई तथा जल स्रोतों को संरक्षित करने के उद्देश्य से सामूहिक श्रमदान किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अभियान को जनआंदोलन का रूप दिया। उपस्थित लोगों ने तालाब परिसर से कचरा हटाकर स्वच्छता बनाए रखने और जल स्रोतों को सुरक्षित रखने का संकल्प भी लिया।
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में जल गंगा संवर्धन अभियान पूरे मध्यप्रदेश में चलाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य परंपरागत जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए पानी बचाना है। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि लोग रोजमर्रा का कचरा तालाबों, कुओं और घाटों में डाल देते हैं, जिससे जल स्रोत प्रदूषित हो जाते हैं और धीरे-धीरे समाप्त होने लगते हैं।सांसद ने अपील करते हुए कहा कि यदि गांव स्तर पर प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझे और नियमित अंतराल में सामूहिक सफाई अभियान चलाया जाए, तो जल स्रोत लंबे समय तक सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि जल स्रोतों की स्वच्छता से न केवल जल स्तर बढ़ेगा, बल्कि दूषित पानी से फैलने वाली बीमारियों पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा। उन्होंने लोगों से वर्षा जल संचयन, तालाबों का गहरीकरण, जल स्रोतों की मरम्मत और उनके आसपास वृक्षारोपण करने की भी अपील की।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि जल संरक्षण और स्वच्छता को लेकर केंद्र और राज्य सरकार द्वारा लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किए गए स्वच्छता अभियान और जल संरक्षण के संकल्प को अब जनभागीदारी से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे जल गंगा संवर्धन अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में जल स्तर सुधारने में मदद मिलेगी।जनपद पंचायत दमोह के सीईओ हलधर मिश्रा ने कहा कि जल स्रोतों के संरक्षण के लिए पंचायत स्तर पर निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि तालाबों और कुओं में कचरा न डालें तथा जल स्रोतों के आसपास स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले के विभिन्न गांवों में श्रमदान, गहरीकरण, साफ-सफाई और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गौरव पटेल, सरपंच ग्राम समन्ना, चटन पटेल, पंचायत पदाधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने का संकल्प लिया।
