दमोह। वर्ल्ड होम्योपैथी डे एवं होम्योपैथी के जनक डॉ. सैमुअल हैनीमैन की 271वीं जयंती के अवसर पर दमोह होम्योपैथिक संगठन द्वारा वार्षिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता पंकज हर्ष श्रीवास्तव उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला आयुष अधिकारी डॉ. राजकुमार पटेल ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। दमोह होम्योपैथिक संगठन की संरक्षक डॉ. सोनल राय ने संगठन की स्थापना, उद्देश्य एवं पिछले वर्षों में किए गए विभिन्न सामाजिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा लगातार निशुल्क होम्योपैथिक शिविर, वृक्षारोपण अभियान तथा जरूरतमंदों के लिए स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं।
इस अवसर पर जिले के सभी होम्योपैथिक चिकित्सकों को समाज सेवा एवं चिकित्सा क्षेत्र में उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया और स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। साथ ही ग्राम बांसा स्थित ज्ञान कुंज विद्यालय के संचालक अंकित ठाकुर एवं प्रीति ताम्रकार को निशुल्क होम्योपैथिक शिविरों में सहयोग करने के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नगर में 65 वर्षों से आयुर्वेद की प्रैक्टिस कर रहे वैद्य बाबूलाल जैन को उनकी अतुलनीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। वहीं जिला चिकित्सालय में पदस्थ दीपक जैन को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर उनके कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम के दौरान युवा प्रतिभा वंश तोतानी के सुरूर बैंड द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। वहीं डॉ. शुभन राव द्वारा एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रस्तुत की गई, जिसमें पिछले पांच वर्षों में दमोह होम्योपैथिक संगठन द्वारा आयोजित निशुल्क शिविरों, वृक्षारोपण एवं मानव सेवा के विभिन्न कार्यों को प्रदर्शित किया गया।
चूंकि कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर का दमोह में कार्यकाल का यह अंतिम दिवस था, इसलिए दमोह होम्योपैथिक संगठन द्वारा उन्हें भावभीनी विदाई देते हुए स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित चिकित्सकों ने उनके कार्यकाल की सराहना करते हुए जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति उनके सहयोग को याद किया।
कार्यक्रम के अंत में दमोह होम्योपैथिक संगठन के अध्यक्ष डॉ. सुधीर वैद्य ने सभी अतिथियों, चिकित्सकों एवं उपस्थितजनों का आभार व्यक्त किया। मंच संचालन डॉ. प्रिया श्रीवास्तव एवं डॉ. नेहा गौतम ने किया।
इस आयोजन में जिले के अनेक चिकित्सक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा समाज में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना रहा।
