डिंडौरी/ जबलपुर-अमरकंटक मुख्य मार्ग पर शनिवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। गाड़ासरई थाना क्षेत्र के ग्राम किकरा तालाब के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक कैप्सूल वाहन ने सड़क किनारे खड़े लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी लोग परसवाह, करबे मट्टा और उफरी गांव के निवासी थे। ये लोग शनिवार को सिलियारी गांव में आयोजित चौक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पिकअप वाहन से वापस लौट रहे थे।रास्ते में करीब रात 12:30 बजे पिकअप वाहन अचानक पंचर हो गया। वाहन चालक टायर बदलने की तैयारी कर रहा था, वहीं सभी यात्री सड़क किनारे खड़े होकर इंतजार कर रहे थे। तभी अमरकंटक की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और सीधे सड़क किनारे खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि कई लोग करीब 10 फीट तक हवा में उछल गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया।गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल भेजा गया, वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
