उमरिया।/जिले के इंदवार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पनपथा में शनिवार देर शाम एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गेहूं की कटाई करने खेत गए एक वृद्ध किसान की मधुमक्खियों के हमले में मौत हो गई। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है।ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार, गोविंद जायसवाल (65 वर्ष), पिता चुनई जायसवाल, निवासी ग्राम पनपथा, अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित खेत में गेहूं की कटाई करने गए थे। खेत के पास एक बरगद के पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता लगा हुआ था। बताया जा रहा है कि किसी पक्षी द्वारा छत्ते को छेड़े जाने से मधुमक्खियां आक्रामक हो गईं और अचानक खेत में काम कर रहे किसान पर टूट पड़ीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मधुमक्खियों ने झुंड बनाकर वृद्ध के पूरे शरीर पर हमला कर दिया। इस दौरान गोविंद जायसवाल काफी देर तक मदद के लिए चिल्लाते रहे, लेकिन खेत सुनसान इलाके में होने और मधुमक्खियों के डर के कारण कोई भी समय पर सहायता के लिए नहीं पहुंच सका। अत्यधिक संख्या में डंक लगने के कारण उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना की सूचना जब हाईस्कूल के पास स्थित उनके घर पहुंची, तो परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इस संबंध में इंदवार थाना प्रभारी विजय सिंह पटले ने बताया कि घटना की जानकारी उन्हें मिली है, लेकिन मृतक के परिजनों या ग्रामीणों द्वारा थाने में कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई। उन्होंने यह भी बताया कि परिजनों ने बिना पुलिस को सूचित किए ही अंतिम संस्कार कर दिया।इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे गांव में शोक और दहशत का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि ऐसे स्थानों पर लगे मधुमक्खी के बड़े छत्तों को हटाने की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
