हिंडोरिया अस्पताल में मरीजों से की सीधी बातचीत, प्रधानमंत्री आवास के 56 तैयार भवनों का शीघ्र विक्रय कराने के निर्देश
मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य की समीक्षा, सतरिया में “एक बगिया मां के नाम” अभियान की सराहना
दमोह, 10 जून 2026। सागर संभाग के संभागायुक्त अनिल सुचारी दमोह जिले के दौरे पर रहे। इस दौरान उन्होंने बांदकपुर, हिंडोरिया, दमोह एवं पटेरा विकासखंड के ग्राम सतरिया का भ्रमण कर स्वास्थ्य सेवाओं, प्रधानमंत्री आवास योजना, निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज और ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों की जमीनी हकीकत परखी। उन्होंने विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया, अधिकारियों से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। दौरे के दौरान कलेक्टर प्रताप नारायण यादव, जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
बांदकपुर और कुण्डलपुर में दर्शन-पूजन
संभागायुक्त अनिल सुचारी ने अपने दौरे की शुरुआत प्रसिद्ध तीर्थ क्षेत्र जागेश्वरनाथ धाम बांदकपुर से की। यहां उन्होंने भगवान जागेश्वरनाथ का पंचामृत स्नान, जलाभिषेक एवं विधिवत पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद उन्होंने कुण्डलपुर पहुंचकर बड़े बाबा भगवान आदिनाथ के दर्शन किए और आशीर्वाद प्राप्त किया।
हिंडोरिया अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल
संभागायुक्त ने हिंडोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने हेल्प डेस्क, ओपीडी, एएनसी कक्ष, परामर्श केंद्र, पुरुष वार्ड, लॉन्ड्री तथा अस्पताल की अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने मरीजों के पंजीयन, उपचार व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक मरीज को सम्मानजनक, सरल और त्वरित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।
मरीजों के बीच पहुंचे, पूछा इलाज कैसा मिल रहा है
संभागायुक्त ने अस्पताल के वार्डों में पहुंचकर भर्ती मरीजों से सीधे चर्चा की। उन्होंने इलाज, दवाइयों और अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। मरीजों ने सेवाओं पर संतोष व्यक्त किया।
ग्राम गुंजी की आरती लोधी तथा ग्राम बिलाई की रानी विश्वकर्मा से भी उन्होंने चर्चा की। रानी विश्वकर्मा ने बताया कि वे हड्डी संबंधी समस्या के उपचार के लिए अस्पताल आई हैं और उनका एक्स-रे कराया जा चुका है। मरीजों द्वारा सकारात्मक प्रतिक्रिया दिए जाने पर संभागायुक्त ने संतोष व्यक्त किया।
अतिरिक्त कुर्सियां लगाने और स्वच्छता बढ़ाने के निर्देश
ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ को देखते हुए संभागायुक्त ने बैठने की अतिरिक्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। पुरुष प्रसाधन कक्ष का निरीक्षण कर उन्होंने प्रत्येक दो से तीन घंटे में सफाई सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में उपचार के साथ-साथ मरीजों की सुविधा और गरिमा भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।
स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर दिया जोर
परामर्श कक्ष में उन्होंने स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों की जानकारी ली। बताया गया कि प्रतिदिन 12 से 15 लोगों को संतुलित आहार, नियमित दिनचर्या और स्वस्थ जीवनशैली के बारे में परामर्श दिया जाता है। संभागायुक्त ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए इसे और प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
अस्पताल परिसर में किया पौधरोपण
निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त अनिल सुचारी और कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने अस्पताल परिसर में आंवला का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास परियोजना की समीक्षा, 56 एलआईजी भवनों को जल्द बेचने के निर्देश
दमोह में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित आवासीय परियोजना का निरीक्षण करते हुए संभागायुक्त ने अधूरे निर्माण कार्यों पर चिंता व्यक्त की। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित ठेकेदार वर्ष 2022 से कार्य बंद किए हुए है और कई नोटिसों के बावजूद काम शुरू नहीं किया गया। इसके बाद परिषद द्वारा अनुबंध निरस्त करने की प्रक्रिया पूरी की जा चुकी है।
संभागायुक्त ने निर्देश दिए कि पूर्ण रूप से तैयार 56 एलआईजी भवनों में पुताई और रंगाई कर उनका शीघ्र विक्रय सुनिश्चित किया जाए, ताकि भवनों में टूट-फूट और चोरी जैसी घटनाओं की संभावना समाप्त हो सके। साथ ही शेष निर्माणाधीन भवनों के लिए नई निविदाएं जारी कर कार्य तत्काल प्रारंभ कराने को कहा।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़ी परियोजनाओं में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
मेडिकल कॉलेज निर्माण कार्य अंतिम चरण में
संभागायुक्त ने निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज का निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की। पीआईयू अधिकारियों ने बताया कि भवन निर्माण और विद्युत फिटिंग का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है तथा 30 जून तक भवन विभाग को सौंप दिया जाएगा।
उन्होंने शैक्षणिक भवन, छात्रावास और पेयजल व्यवस्था की जानकारी लेकर निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने तथा समयसीमा का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी भी उपस्थित रहे।
सतरिया में देखी “एक बगिया मां के नाम” की सफलता
दौरे के अंतिम चरण में संभागायुक्त ग्राम सतरिया पहुंचे, जहां उन्होंने “एक बगिया मां के नाम” अभियान के तहत विकसित फलदार पौधों की बगिया का निरीक्षण किया। हितग्राही सुधा दामोदर ने बताया कि बगिया में लगे फलदार वृक्ष भविष्य में आय का स्थायी स्रोत बनेंगे।
संभागायुक्त ने इस पहल को पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण आर्थिक सशक्तिकरण का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए इसकी सराहना की।
विकास कार्यों में गुणवत्ता और समयसीमा पर विशेष जोर
दौरे के समापन पर संभागायुक्त अनिल सुचारी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और निर्माण कार्यों की समयबद्ध पूर्णता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए ताकि आमजन को योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
