गढ़ाकोटा के महामंडलेश्वर हरिदास महाराज ने मंदिर ट्रस्ट और महंत पर लगाए गंभीर आरोप, पुलिस जांच शुरू

दमोह, 11 जून 2026/जिले के सीतानगर स्थित बड़ी शाला मंदिर से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। गढ़ाकोटा के प्रसिद्ध जगदीश मंदिर के महामंडलेश्वर हरिदास महाराज ने आज पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय पहुंचकर एक लिखित शिकायत प्रस्तुत की। शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया है कि बड़ी शाला मंदिर में वर्षों से विराजमान भगवान राम-जानकी की प्राचीन प्रतिमा रहस्यमय तरीके से गायब हो गई है।
महामंडलेश्वर हरिदास महाराज का दावा है कि उक्त प्रतिमा स्वर्ण एवं अष्टधातु से निर्मित थी और धार्मिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती थी। उन्होंने बताया कि वे लंबे समय से इस प्रतिमा के दर्शन करते आ रहे हैं। गुरुवार को एकादशी के अवसर पर जब वे मंदिर पहुंचे तो प्रतिमा अपने स्थान पर नहीं मिली।
महंत और ट्रस्ट सदस्यों पर लगाए आरोप
शिकायत में हरिदास महाराज ने बड़ी शाला के महंत संतोष दास एवं मंदिर ट्रस्ट के कुछ सदस्यों पर प्रतिमा को कथित रूप से खुर्द-बुर्द करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर प्रतिमा की वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि यदि इतनी महत्वपूर्ण और प्राचीन प्रतिमा मंदिर से गायब हो जाती है तो यह केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं बल्कि मंदिर संपत्ति की सुरक्षा से जुड़ा गंभीर मामला भी है।
एसपी ने जांच के दिए निर्देश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा शिकायत को संज्ञान में लिया गया है। जानकारी के अनुसार एसपी ने जांच की जिम्मेदारी नरसिंहगढ़ चौकी पुलिस को सौंप दी है। पुलिस अब शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच करेगी तथा मंदिर प्रबंधन और संबंधित पक्षों से पूछताछ कर तथ्यों का सत्यापन करेगी।
धार्मिक जगत में चर्चा का विषय बना मामला
प्राचीन प्रतिमा के गायब होने की शिकायत के बाद धार्मिक एवं संत समाज में इस घटना को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। स्थानीय श्रद्धालु भी मामले की निष्पक्ष जांच और सच्चाई सामने आने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि प्रतिमा वास्तव में गायब हुई है, उसे किसी अन्य स्थान पर सुरक्षित रखा गया है अथवा शिकायत में लगाए गए आरोपों की वास्तविकता क्या है।
