जिले के सभी पेंशनर संघों की बैठक में कई मुद्दों पर जताई नाराजगी, अशोक तिवारी को संयुक्त मोर्चा का अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित
दमोह, 14 मार्च/जिले में पेंशनरों की लंबित समस्याओं और लगातार हो रही उपेक्षा को लेकर शुक्रवार 14 मार्च को पेंशनर्स समाज कार्यालय दमोह में जिले के विभिन्न पेंशनर संघों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक स्तर पर पेंशनरों से जुड़ी समस्याओं के समाधान में हो रही देरी पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई और सभी पेंशनर संगठनों ने मिलकर एक संयुक्त मोर्चा के गठन का निर्णय लिया।बैठक में उपस्थित पेंशनर नेताओं ने कहा कि लंबे समय से पेंशनरों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है। पेंशनर कल्याण समिति की नियमित बैठकें नहीं बुलाई जा रही हैं तथा जो बैठकें हो चुकी हैं उनका कार्यवाही विवरण भी जारी नहीं किया जा रहा है। इसके अलावा 30 जून और 31 दिसंबर को सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के पेंशन प्रकरण कार्यालय प्रमुखों द्वारा समय पर पेंशन कार्यालय नहीं भेजे जा रहे, जिससे पेंशन स्वीकृति और भुगतान में अनावश्यक विलंब हो रहा है।
पेंशनरों ने यह भी मुद्दा उठाया कि कई मामलों में सेवा निवृत्ति के बाद भी पेंशनर्स को पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) और अन्य देय स्वत्व समय पर जारी नहीं किए जा रहे, जिससे उन्हें आर्थिक और मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बैठक में कर्मचारी आवास निगम कॉलोनी से संबंधित समस्या भी प्रमुख रूप से उठाई गई। बताया गया कि निकाय, हाउसिंग बोर्ड और अन्य विभागों द्वारा संयुक्त निरीक्षण किए जाने के बावजूद अभी तक नगरपालिका द्वारा कॉलोनी को अपने अधीन नहीं लिया गया है। वहीं आवास निगम द्वारा मांग के बाद भी जमीन का आवंटन नहीं किए जाने पर भी पेंशनरों ने नाराजगी जताई।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जिले के सभी पेंशनर संगठनों को एक मंच पर लाकर समस्याओं के समाधान के लिए संयुक्त मोर्चा बनाया जाए। इस दौरान प्रोग्रेसिव पेंशनर संघ के अध्यक्ष जगदीश चौबे ने प्रमुख पेंशनर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष अशोक तिवारी के नाम को संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित किया, जिसका सभी पेंशनर संगठनों ने समर्थन किया।अशोक तिवारी ने प्रस्ताव स्वीकार करते हुए कहा कि नवदुर्गा के अवसर पर मोर्चा की कार्यकारिणी का गठन किया जाएगा और उसके बाद पेंशनरों की समस्याओं के समाधान के लिए आगामी आंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी।
बैठक में राज किशोर सेन (संरक्षक पुलिस पेंशनर संघ), धन सिंह (अध्यक्ष पुलिस पेंशनर संघ), सुरेंद्र चौबे (उपाध्यक्ष पेंशनर्स समाज), आर.के. मिश्रा (अध्यक्ष पेंशनर्स समाज), एम.एल. सरैया (अध्यक्ष अधिकारी-कर्मचारी निकाय पेंशनर संघ), पी.एन. अहिरवार (कोषाध्यक्ष पेंशनर्स समाज), नन्हे भाई पटेल (तहसील अध्यक्ष पेंशनर्स समाज), के.एल. अहिरवार (तहसील अध्यक्ष पेंशनर्स समाज पथरिया), अभय भट्ट और रोहणी गौतम सहित अनेक पेंशनर प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
