नववर्ष पर सेवा प्रकल्पों में समयदान का संकल्प लेंगे सैकड़ों कार्यकर्ता, सेवा गतिविधियों की प्रदर्शनी भी लगेगी
इंदौर/डॉ. हेडगेवार स्मारक समिति के स्थापना दिवस और नववर्ष के उपलक्ष्य में 24 मार्च 2026 को इंदौर में वरिष्ठ स्वयंसेवकों का वृहद एकत्रीकरण आयोजित किया जाएगा। यह कार्यक्रम सुदर्शन भवन, पंत वैद्य कॉलोनी में प्रातः 8 बजे आयोजित होगा, जिसमें शताब्दी वर्ष के निमित्त समयदानी कार्यकर्ताओं द्वारा सेवा कार्यों के लिए समय समर्पण का संकल्प लिया जाएगा।समिति के अध्यक्ष ईश्वरदास हिंदूजा और मंत्री राकेश कुमार यादव ने बताया कि वर्षप्रतिपदा और समिति के स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिवर्ष संघ के वरिष्ठ स्वयंसेवकों का एकत्रीकरण आयोजित किया जाता है। इसी परंपरा के तहत इस वर्ष भी 24 मार्च को कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस अवसर पर समिति द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी, जिससे समाज के लोगों को इन गतिविधियों की जानकारी मिल सके।
समिति के उपाध्यक्ष रुपेश पाल ने बताया कि समिति द्वारा समाजसेवा के कई प्रकल्प संचालित किए जा रहे हैं। हरसिद्धि क्षेत्र में फिजियोथेरेपी केंद्र संचालित किया जा रहा है, वहीं रामबाग स्थित अर्चना कार्यालय में एक्यूप्रेशर चिकित्सा केंद्र चलाया जा रहा है। इसके अलावा पलासिया क्षेत्र में “संकल्प” के माध्यम से विद्यार्थियों को पीएससी परीक्षा की तैयारी भी करवाई जाती है। साथ ही समिति द्वारा वर्षभर स्वास्थ्य शिविर, योग शिविर, रक्तदान शिविर और अन्य सामाजिक गतिविधियां भी आयोजित की जाती हैं।समिति पदाधिकारियों ने बताया कि आगामी वर्ष में सेवा कार्यों को और विस्तार देने की योजना बनाई गई है। इसी क्रम में लाइब्रेरी और परिवार परामर्श केंद्र की स्थापना की जाएगी। साथ ही विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन केंद्र और योग केंद्र शुरू करने की भी योजना है।उन्होंने बताया कि इन सभी सेवा प्रकल्पों को सफल बनाने के लिए समाज के अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं को समयदान के लिए प्रेरित किया जाएगा और 24 मार्च को आयोजित कार्यक्रम में सेवा कार्यों के लिए समय समर्पण का सामूहिक संकल्प भी लिया जाएगा।
