संस्था ‘प्रत्यंचा’ ने 40 वर्ष से अधिक सेवा देने वाले “न्याय ऋषियों” का किया अभिनंदन
इंदौर/भारतीय न्याय परंपरा के सम्मान और वरिष्ठ अधिवक्ताओं के योगदान को नमन करते हुए इंदौर के गांधी हॉल (जिला न्यायालय परिसर के पास) में संस्था ‘प्रत्यंचा’ द्वारा एक भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधि क्षेत्र में 40 वर्ष से अधिक समय तक सेवा देने वाले 165 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने भारतीय न्याय परंपरा की महानता का उल्लेख करते हुए कहा कि जब दुनिया ‘लॉ’ और ‘जस्टिस’ की परिभाषा समझने का प्रयास कर रही थी, तब भारत में ऋषि गौतम जैसे मनीषियों ने न्याय की संहिताओं की रचना कर न्याय व्यवस्था की मजबूत नींव रखी थी। इसी गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विधि जगत के वरिष्ठ अधिवक्ताओं के योगदान को सम्मानित किया गया।संस्था प्रत्यंचा अपने अभियान के दूसरे वर्ष में प्रवेश कर चुकी है। इस वर्ष का कार्यक्रम विशेष रूप से उन अधिवक्ताओं को समर्पित रहा, जिन्होंने चार दशकों से अधिक समय तक न्याय की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया है। समारोह में इंदौर संभाग के आठ जिलों के 27 अभिभाषक संघों से आए 165 वरिष्ठ अधिवक्ताओं को सम्मानित कर उनके अनुभव, समर्पण और निष्ठा के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।
कार्यक्रम माननीय न्यायमूर्ति विजय कुमार शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस अवसर पर ऑल इंडिया बार काउंसिल के उपाध्यक्ष जितेन्द्र जी, वरिष्ठ अधिवक्ता एवं उच्च न्यायालय अभिभाषक संघ के पूर्व अध्यक्ष मोज द्विवेदी, सूरज शर्मा, देवेन्द्र यादव, खरगोन अभिभाषक संघ के अध्यक्ष पवन बिल्लोरे और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रकाश गुप्ता सहित विधि जगत की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में एक हजार से अधिक अधिवक्ता भी शामिल हुए।संस्था के संयोजक निमेष पाठक (अधिवक्ता) ने बताया कि ‘प्रत्यंचा’ अधिवक्ताओं के सर्वांगीण विकास और कल्याण के लिए विभिन्न गतिविधियां संचालित कर रही है। इसके अंतर्गत प्रत्यंचा क्रिकेट सीरीज एवं लीग, स्वास्थ्य शिविर, रेमेडियल सेंटर और युवा अधिवक्ता पुरस्कार जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
संस्था ने अपने आगामी सेवा प्रकल्प की भी घोषणा की। इसके तहत इंदौर के देवगुराड़िया क्षेत्र में ‘प्रत्यंचा मल्टी स्पेशियलिटी हॉस्पिटल’ का निर्माण किया जा रहा है, जो प्रदेश भर के अधिवक्ताओं को समर्पित होगा। इस अस्पताल में अत्याधुनिक मशीनों से जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध होगी तथा अधिवक्ताओं को बाजार दरों से काफी कम शुल्क पर चिकित्सा सेवा प्रदान की जाएगी।समारोह के अंत में सभी उपस्थित अतिथियों और अधिवक्ताओं ने सामूहिक रूप से भोजन ग्रहण किया। यह आयोजन वरिष्ठ अधिवक्ताओं के सम्मान के साथ-साथ विधि जगत के बीच आपसी संवाद और मेल-मिलाप का भी महत्वपूर्ण मंच बना।
