तेज बारिश और आंधी-तूफान के बीच बिजली के खंभों, तारों और ट्रांसफार्मरों से दूर रहने की अपील, किसी भी आपात स्थिति में तुरंत 1912 पर दें सूचना
दमोह, 10 जुलाई 2026/लगातार हो रही बारिश और तेज आंधी-तूफान के बीच संभावित विद्युत दुर्घटनाओं को देखते हुए मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, दमोह के अधीक्षण अभियंता अमित चौहान ने जिलेवासियों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में बिजली के खंभों, ट्रांसफार्मरों तथा हाई टेंशन और एल.टी. लाइनों के आसपास विशेष सावधानी रखना आवश्यक है, क्योंकि इस दौरान लीकेज करंट, तार टूटने और अन्य विद्युत दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है।
अधीक्षण अभियंता ने नागरिकों से कहा कि बारिश के दौरान बिजली के खंभों के पास जाने से बचें और उनसे पर्याप्त सुरक्षित दूरी बनाए रखें। यदि कहीं बिजली का तार, केबल या पोल टूटा हुआ दिखाई दे तो उसके पास बिल्कुल न जाएं और न ही उसे हटाने या उठाने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है।
उन्होंने दुकानदारों और पान ठेला संचालकों से अपील की कि यदि उनकी दुकान लोहे की चादर से बनी है तो सुरक्षित पीवीसी पाइप के माध्यम से विद्युत वायरिंग कराएं। साथ ही अपने पालतू पशुओं को बिजली के खंभों या स्टे वायर से कभी न बांधें।
अधीक्षण अभियंता ने यह भी कहा कि बारिश के दौरान गीले हाथों अथवा नंगे पैर किसी भी विद्युत उपकरण, तार या स्विच बोर्ड को न छुएं। जलभराव वाले स्थानों तथा बिजली के खंभों के आसपास रखे विद्युत उपकरणों का उपयोग करने से भी बचें। बच्चों पर विशेष निगरानी रखें ताकि वे बिजली से जुड़े किसी भी जोखिम वाले स्थान पर न जाएं।
उन्होंने बताया कि मकानों की छत या दीवारों से होने वाले रिसाव, पुरानी या क्षतिग्रस्त वायरिंग, ढीले कनेक्शन तथा कमजोर अर्थिंग के कारण भी करंट फैलने का खतरा बना रहता है। इसलिए समय-समय पर किसी प्रमाणित इलेक्ट्रिशियन से घर की वायरिंग और अर्थिंग की जांच कराते रहें तथा कटे-फटे तारों को तुरंत बदल दें।
अमित चौहान ने जिले के सभी विद्युत उपभोक्ताओं से अपील की कि यदि उनके क्षेत्र में कहीं भी बिजली का तार, केबल या पोल टूटा हुआ दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल विद्युत विभाग को दें। किसी भी विद्युत शिकायत अथवा आपात स्थिति में उपभोक्ता कंपनी के टोल फ्री नंबर 1912 पर संपर्क कर सकते हैं या अपने निकटतम विद्युत वितरण केंद्र कार्यालय को इसकी जानकारी दे सकते हैं।
