पुलिस-11 और पत्रकार-11 के बीच खेला गया मैत्री क्रिकेट मैच, खेल भावना के साथ युवाओं को दिया “नशे से दूरी है जरूरी” का संदेश

दमोह। जिले में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” नशा मुक्ति अभियान 2.0 के तहत पुलिस विभाग ने एक अनूठी पहल करते हुए पुलिस और पत्रकारों को एक ही मैदान पर उतारा। पुलिस लाइन ग्राउंड में आयोजित पुलिस-11 एवं पत्रकार-11 के बीच मैत्री क्रिकेट मैच केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं रहा, बल्कि समाज, विशेषकर युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का सशक्त संदेश देने का माध्यम भी बना। पूरे मैच के दौरान खेल भावना, उत्साह और आपसी सौहार्द का शानदार वातावरण देखने को मिला।
पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी के निर्देशन में आयोजित इस विशेष मुकाबले में जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, विभिन्न थाना प्रभारी, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मौजूद रहे। मैच का उद्देश्य युवाओं को यह संदेश देना था कि यदि वे खेलों से जुड़ेंगे तो उनका जीवन स्वस्थ, अनुशासित और सकारात्मक बनेगा तथा वे नशे जैसी घातक प्रवृत्तियों से दूर रहेंगे।
पुलिस-11 ने खड़ा किया 201 रन का विशाल स्कोर
मैच में टॉस के बाद पुलिस-11 ने पहले बल्लेबाजी करते हुए शुरू से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। टीम के बल्लेबाजों ने तेज गति से रन बटोरे और निर्धारित ओवरों में 201 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य पत्रकार-11 के सामने रखा।
पुलिस-11 की ओर से गैसाबाद थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 51 रन की उपयोगी पारी खेली। वहीं नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल ने शानदार शॉट्स की बदौलत 62 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दोनों बल्लेबाजों की बेहतरीन साझेदारी ने पुलिस-11 को बड़े स्कोर तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पत्रकार-11 ने किया संघर्ष, लेकिन पुलिस टीम रही भारी
202 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार-11 की टीम ने संघर्षपूर्ण शुरुआत की, लेकिन पुलिस टीम की सटीक गेंदबाजी, चुस्त फील्डिंग और अनुशासित खेल के सामने पत्रकार टीम ज्यादा देर तक टिक नहीं सकी। पूरी टीम 112 रन पर सिमट गई और पुलिस-11 ने शानदार जीत अपने नाम कर ली।
अभिषेक पटेल बने ‘मैन ऑफ द मैच‘
मैच में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल को “मैन ऑफ द मैच” चुना गया। उन्होंने 62 रनों की बेहतरीन पारी खेलकर टीम की जीत में निर्णायक भूमिका निभाई। उनकी बल्लेबाजी की दर्शकों और खिलाड़ियों ने जमकर सराहना की।
एसपी आनंद कलादगी ने संभाली पुलिस टीम की कप्तानी
इस मैत्री मुकाबले में पुलिस-11 की कप्तानी पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने की, जबकि पत्रकार-11 की कमान वरिष्ठ पत्रकार सुनील गौतम ने संभाली। दोनों कप्तानों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेल भावना के साथ मुकाबला खेलने का संदेश दिया।
इन अधिकारियों और पत्रकारों ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी
मैच के सफल संचालन में रक्षित निरीक्षक अभिनव साहू, पत्रकार मोंटी रैकवार एवं मनीष सोनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मैच का स्कोर तैयार करने की जिम्मेदारी प्रधान आरक्षक जमीर खान ने निभाई।
दर्शक दीर्घा एवं पवेलियन की व्यवस्थाओं का दायित्व पंकज दुबे, दयाशंकर पटेल, आनंद, अंकित, गोविंद एवं रोनित उपाध्याय ने संभाला।
वहीं मैच को निष्पक्ष और व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए शुभम नामदेव, देवेश तिवारी, निर्भय ठाकुर एवं रजनीश ने अंपायर की जिम्मेदारी निभाई।
पत्रकार-11 की टीम में शामिल रहे ये खिलाड़ी
पत्रकार-11 की टीम में वरिष्ठ पत्रकार सुनील गौतम, डॉ. एल.एन. वैष्णव, महेंद्र दुबे, वैभव नायक, मोंटी रैकवार, गणेश अग्रवाल, मनीष सोनी, आकाश तिवारी, बी.डी. शर्मा, संजय सरवरिया, अजीत सिंह, संजय मौर्य, अभिषेक जैन, धीरज जॉनसन, समवेद जैन, अंकित बसेडिया, विनय असाटी, नरेंद्र अहिरवार, नितिन चौबे, अरविंद चौधरी, मनोज पटेल, विकास अग्रवाल, रवि अग्रवाल, जमना चौबे, धीरज अहिरवाल, महेंद्र आठ्या एवं शांतनु भारत सहित जिले के अनेक पत्रकार और मीडिया प्रतिनिधि शामिल रहे। सभी खिलाड़ियों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ मुकाबले में भाग लिया।
पुलिस-11 की टीम में रहे जिले के अधिकारी
पुलिस-11 की टीम में पुलिस अधीक्षक एवं कप्तान आनंद कलादगी, नगर पुलिस अधीक्षक हरिराम पांडे, कोतवाली थाना प्रभारी मनीष कुमार, दमोह देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी, यातायात थाना प्रभारी दलबीर सिंह, सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम दांगी, गैसाबाद थाना प्रभारी सौरभ शर्मा, नोहटा थाना प्रभारी अभिषेक पटेल, तारादेही थाना प्रभारी आलोक तिरपुड़े, कुम्हारी थाना प्रभारी बृजेश पांडे, इमलिया चौकी प्रभारी रमाशंकर मिश्रा तथा उप निरीक्षक बृजलाल पटेल सहित पुलिस विभाग के कई अधिकारी मैदान में उतरे और शानदार खेल का प्रदर्शन किया।
खेलों के माध्यम से दिया नशा मुक्ति का प्रभावी संदेश
मैच के समापन पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी सहित अधिकारियों ने खिलाड़ियों और उपस्थित नागरिकों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा किसी भी व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए घातक है, जबकि खेल युवाओं के जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का विकास करते हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग द्वारा चलाया जा रहा “नशा मुक्ति अभियान 2.0″ केवल एक प्रशासनिक अभियान नहीं, बल्कि समाज को जागरूक करने का व्यापक जनआंदोलन है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर खेल, शिक्षा और रचनात्मक गतिविधियों को अपनाएं। पुलिस और पत्रकारों के बीच आयोजित यह मैत्री मुकाबला इस बात का प्रतीक बना कि जब समाज के विभिन्न वर्ग एक साथ आते हैं, तब सामाजिक जागरूकता के संदेश को अधिक प्रभावी ढंग से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
मैत्री क्रिकेट मैच ने यह साबित कर दिया कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि सामाजिक परिवर्तन का सशक्त माध्यम भी हैं। पुलिस विभाग की इस पहल की खिलाड़ियों, पत्रकारों और उपस्थित नागरिकों ने सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक प्रेरणादायी आयोजन बताया।
