‘एक पेड़ माँ के नाम‘ अभियान के तहत मेडिकल कॉलेज परिसर में 250 पौधों का रोपण, राज्यमंत्री लखन पटेल बोले- जिले को मिलेगी बेहतर और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं
दमोह। दमोह जिले की बहुप्रतीक्षित और वर्षों पुरानी मांग अब पूरी होने जा रही है। सांसद राहुल सिंह लोधी के लगातार प्रयासों और केंद्र एवं प्रदेश सरकार के सहयोग से तैयार हुआ अत्याधुनिक मेडिकल कॉलेज अब लोकार्पण की दहलीज पर खड़ा है। इसी कड़ी में रविवार को मेडिकल कॉलेज परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर चलाए जा रहे “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत भव्य पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार), सांसद राहुल सिंह लोधी, मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अर्जुन सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे, जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल, प्रभारी कलेक्टर एवं जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे, वरिष्ठ चिकित्सक, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि, व्यापारी, अधिवक्ता, पत्रकार एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर मेडिकल कॉलेज परिसर में 250 पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
मेडिकल कॉलेज निर्माण को लेकर सांसद राहुल सिंह लोधी की सक्रिय भूमिका रही अहम
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सांसद राहुल सिंह लोधी रहे। उन्होंने कहा कि दमोह में मेडिकल कॉलेज का निर्माण केवल एक भवन का निर्माण नहीं, बल्कि जिले के लाखों लोगों के बेहतर स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और भविष्य से जुड़ा हुआ सपना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में दमोह में स्वास्थ्य क्षेत्र की तस्वीर बदलने का कार्य किया गया है।
सांसद श्री लोधी ने कहा कि जनता ने जिस विश्वास के साथ उन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी पहली प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता द्वारा सौंपे गए प्रत्येक दायित्व का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और प्रतिबद्धता के साथ किया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज का निर्माण भी इसी संकल्प का परिणाम है।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण नहीं था, बल्कि जिले के प्रबुद्ध नागरिकों, चिकित्सकों, सामाजिक संगठनों और मीडिया प्रतिनिधियों को मेडिकल कॉलेज का अवलोकन कराना भी था, ताकि वे स्वयं देख सकें कि दमोह में किस स्तर की आधुनिक स्वास्थ्य अधोसंरचना तैयार की गई है।
इसी वर्ष 100 विद्यार्थियों से शुरू होगी मेडिकल कॉलेज की पढ़ाई
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि मेडिकल कॉलेज पूरी तरह तैयार है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शीघ्र ही दमोह आकर इसका लोकार्पण करेंगे। उन्होंने जानकारी दी कि नीट-2026 के आधार पर इसी वर्ष 100 विद्यार्थियों का प्रवेश मेडिकल कॉलेज में होगा और नियमित शैक्षणिक सत्र प्रारंभ हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि अब दमोह के विद्यार्थियों को चिकित्सा शिक्षा के लिए दूसरे शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा। स्थानीय विद्यार्थियों को अपने ही जिले में आधुनिक मेडिकल शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। साथ ही मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद जिले के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं, अत्याधुनिक उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं भी स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
सांसद ने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से केवल स्वास्थ्य सुविधाएं ही नहीं बढ़ेंगी, बल्कि रोजगार, व्यापार, आवास, परिवहन और अन्य सेवाओं के क्षेत्र में भी व्यापक विकास होगा। यह परियोजना आने वाले वर्षों में दमोह की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देगी।
राज्यमंत्री लखन पटेल बोले- मेडिकल कॉलेज जिले की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल
प्रदेश के आनंद विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने कहा कि दमोह जैसे जिले में इतने आधुनिक मेडिकल कॉलेज का निर्माण होना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि यह केवल स्वास्थ्य संस्थान नहीं बल्कि जिले के विकास का नया केंद्र बनेगा।
उन्होंने कहा कि प्रारंभिक चरण में 100 विद्यार्थियों के प्रवेश के साथ मेडिकल कॉलेज की शुरुआत होगी और भविष्य में यहां सैकड़ों डॉक्टर तैयार होंगे। इससे जिलेवासियों को बेहतर, आधुनिक और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
राज्यमंत्री ने सांसद राहुल सिंह लोधी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने लगातार इस परियोजना को आगे बढ़ाने का कार्य किया, जिसके परिणामस्वरूप आज मेडिकल कॉलेज अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
रंजीता गौरव पटेल ने बताया ऐतिहासिक उपलब्धि
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की स्थापना दमोह जिले की वर्षों पुरानी मांग थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद राहुल सिंह लोधी के प्रयासों से यह सपना साकार हुआ है।
उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने से जिले के युवाओं को अपने घर के पास ही चिकित्सा शिक्षा मिलेगी और हजारों लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
श्याम शिवहरे बोले- दमोह के विकास का नया अध्याय
भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम शिवहरे ने कहा कि मेडिकल कॉलेज का निर्माण दमोह के विकास का नया अध्याय है। उन्होंने बताया कि मेडिकल कॉलेज का भवन पूरी तरह तैयार है और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के हाथों जल्द इसका लोकार्पण होगा।
उन्होंने सांसद राहुल सिंह लोधी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनके सतत प्रयासों से दमोह को यह ऐतिहासिक सौगात मिली है, जिसका लाभ आने वाली कई पीढ़ियों को मिलेगा।
मासाब भाव सिंह लोधी ने भी की सांसद के प्रयासों की सराहना
कार्यक्रम में मासाब भाव सिंह लोधी ने कहा कि सांसद राहुल सिंह लोधी ने मेडिकल कॉलेज को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयास किए। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद जिले के मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी और स्थानीय स्तर पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
250 पौधों के साथ विकास और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
कार्यक्रम के अंत में सांसद राहुल सिंह लोधी के नेतृत्व में वरिष्ठ चिकित्सकों, मेडिकल एसोसिएशन, व्यापारी संघ, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं प्रबुद्ध नागरिकों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में लगभग 250 पौधों का रोपण किया।
इस अवसर पर सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि जिस प्रकार मेडिकल कॉलेज दमोह के स्वास्थ्य क्षेत्र को नई दिशा देगा, उसी प्रकार आज लगाए गए पौधे आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण प्रदान करेंगे। उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि प्रत्येक व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने मेडिकल कॉलेज परिसर का अवलोकन भी किया। आधुनिक भवन, अत्याधुनिक चिकित्सा अधोसंरचना और विकसित हो रहे परिसर को देखकर लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि बहुत जल्द दमोह मेडिकल कॉलेज बुंदेलखंड क्षेत्र में चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। पूरे आयोजन में सांसद राहुल सिंह लोधी की सक्रिय भूमिका, जनसंपर्क और विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता विशेष रूप से चर्चा का विषय रही।
