इंदौर, 17 मार्च 2026/राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा के समापन के बाद इंदौर में आयोजित प्रेस वार्ता में मालवा प्रांत के प्रांत संघचालक ने संगठन के विस्तार और शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि संघ ने शताब्दी वर्ष के दौरान मालवा प्रांत के 100 प्रतिशत गांवों और मोहल्लों तथा लगभग 90 प्रतिशत घरों तक पहुंच बनाकर व्यापक जनसंपर्क स्थापित किया है।हरियाणा के समालखा (पानीपत) में 13 से 15 मार्च तक आयोजित प्रतिनिधि सभा में देशभर से 1438 प्रतिनिधियों ने भाग लिया, जिसमें संगठन के विस्तार, मजबूती और आगामी योजनाओं पर मंथन किया गया।
मालवा प्रांत में बढ़ा संगठन विस्तार
प्रेस वार्ता में बताया गया कि मालवा प्रांत में वर्तमान में 3,292 स्थानों पर 5,049 शाखाएं संचालित हो रही हैं, जिनमें विद्यार्थी और महाविद्यालयीन शाखाएं भी शामिल हैं। इस वर्ष 150 नई विद्यार्थी शाखाओं का विस्तार हुआ है। साथ ही प्रांत में 1961 साप्ताहिक मिलन और सैकड़ों सेवा कार्य संचालित किए जा रहे हैं।
प्रशिक्षण और युवा भागीदारी में वृद्धि
संघ के प्रशिक्षण वर्गों में भी बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की भागीदारी रही। मालवा प्रांत में 25 प्राथमिक वर्गों में 1712 स्वयंसेवक शामिल हुए, जबकि 551 कार्यकर्ताओं ने संघ शिक्षा वर्गों में प्रशिक्षण प्राप्त किया।युवा कार्यक्रमों के तहत 311 परिसर व्याख्यान और 179 युवा संगम जैसे आयोजनों में 1.88 लाख से अधिक युवाओं की सहभागिता दर्ज की गई।
गृह संपर्क अभियान से 32 लाख परिवारों तक पहुंच
गृह संपर्क अभियान के अंतर्गत मालवा प्रांत के 12,246 गांवों और सभी मोहल्लों में कार्यकर्ताओं ने पहुंच बनाई। करीब 82 हजार कार्यकर्ताओं की टोलियों ने 32 लाख परिवारों से संपर्क कर संघ के कार्यों और विचारों की जानकारी दी।
सामाजिक कार्यक्रमों में व्यापक सहभागिता
मालवा प्रांत में आयोजित हिंदू सम्मेलनों में 70 लाख से अधिक लोगों की भागीदारी रही। इसके साथ ही सामाजिक सद्भाव बैठकों, प्रभात फेरियों, महिला बैठकों और अन्य आयोजनों के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ा गया।
2027 से लागू होगी नई संरचना
संघ की भौगोलिक संरचना में बदलाव करते हुए मार्च 2027 से नई व्यवस्था लागू की जाएगी। इसके तहत देश में 9 क्षेत्र और 85 संभाग बनाए जाएंगे। मालवा प्रांत को भी पुनर्गठित कर उज्जैन और इंदौर संभाग में विभाजित किया जाएगा।
आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा
संघ द्वारा अप्रैल माह में मालवा प्रांत के नगर और खंड स्तर पर 135 प्रमुख जन गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। साथ ही अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक भी इस वर्ष अक्टूबर-नवंबर में इंदौर में प्रस्तावित है।
