दमोह : 18 सितम्बर 2026/मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत हटा में आयोजित शिविर में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर आमजन को उपलब्ध कराई जा रही शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी ली। हटा विधायक उमा देवी खटीक एवं कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने स्टॉलों पर पहुंचकर विभागीय अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली तथा हितग्राहियों से संवाद कर उन्हें मिल रहे लाभ के संबंध में जानकारी प्राप्त की।
शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उपस्थित नागरिकों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और उपलब्ध लाभ की जानकारी दी। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को उनके घर के निकट शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराने तथा लंबित समस्याओं का निराकरण करना रहा।
टीबी मरीज को फूड बास्केट, बच्चों को निःशुल्क चश्मे वितरित
जनविश्वास शिविर के दौरान हटा विधायक उमा देवी खटीक ने एक टीबी मरीज को फूड बास्केट वितरित किया। इससे मरीज को उपचार के साथ पोषण संबंधी सहयोग भी प्राप्त होगा। वहीं स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिन्हित कमजोर नजर वाले दो बच्चों को मंच से निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए। चश्मे प्राप्त होने पर बच्चों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।
योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर
मध्यप्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि वर्ष 2013 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबंध में व्यक्त की गई अपेक्षाएं और भविष्यवाणी आज साकार होती दिखाई दे रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के विकास और भारत को वैश्विक स्तर पर अग्रणी बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि गांव-गांव में विकास को गति देने, पात्र हितग्राहियों को उनका अधिकार दिलाने तथा किसानों सहित आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं की व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की जा रही है।
डॉ. कुसमरिया ने कहा कि जनविश्वास अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों की व्यक्तिगत समस्याओं और लंबित कार्यों की जानकारी लेकर उनके निराकरण की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को शासकीय सेवाओं एवं योजनाओं का लाभ सहज रूप से उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है।
विधायक ने कहा—विकास कार्यों को आगे बढ़ाना प्राथमिकता
हटा विधायक उमा देवी खटीक ने कहा कि शिविर के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को उनकी पात्रता के अनुसार विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के निराकरण और योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए तत्परता से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि हटा विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। क्षेत्र की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।
विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आह्वान पर आयोजित इस शिविर का उद्देश्य आमजन से जुड़े कार्यों का निराकरण करना तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना है।
गांवों के विकास और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने पर जोर
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुरूप शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास तथा ग्राम पंचायतों को बेहतर बनाने के लिए विभिन्न स्तरों पर विचार-विमर्श किया गया है।
उन्होंने कहा कि अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए तथा ऐसे पात्र लोग, जिन्हें अभी तक शासन की योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाया है, उन्हें योजनाओं से जोड़ा जाए।
रंजीता पटेल ने कहा कि समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। जनविश्वास अभियान के तहत आगे भी इसी प्रकार के शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र की जनता को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ उनके निकट ही उपलब्ध कराया जा सके।
कलेक्टर ने मौके पर ही समस्याओं के निराकरण के दिए निर्देश
शिविर में आमजन द्वारा प्रस्तुत आवेदनों को कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने गंभीरता और संवेदनशीलता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदकों को शिविर में अपने समक्ष बुलाकर उनकी समस्या और आवेदन को समझा जाए तथा नियमानुसार समुचित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी पहुंच के निकट करना है। इसलिए प्रत्येक आवेदन पर संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई की जाए तथा पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो।
उद्यमियों से संवाद, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने का भरोसा
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने क्षेत्र के उद्यमियों से भी चर्चा की और उनकी आवश्यकताओं, समस्याओं एवं सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए नए उद्यम स्थापित करने की दिशा में आवश्यकतानुसार हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।
कलेक्टर ने उद्यमियों से क्षेत्र में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में आगे आने का आह्वान करते हुए प्रशासन की ओर से आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा दिया।
