घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में रात करीब 9 बजे हुई। धमाका चौकी के पीछे उस स्थान पर हुआ, जहां कबाड़ में रखी गाड़ियां पार्क की जाती हैं। घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे। इसी दौरान सामान पहुंचाने आया एक डिलीवरी ब्वॉय भी वहां था।
धमाका इतना तेज था कि चौकी के शीशे टूटकर आसपास बिखर गए। कांच की चपेट में आने से डिलीवरी ब्वॉय घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से जरूरी साक्ष्य और नमूने जुटाए हैं। इन्हें जांच के लिए आगरा भेजा गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि धमाका किस पदार्थ या वस्तु के कारण हुआ और इसके पीछे क्या वजह रही।
जांच के बाद स्पष्ट होगी धमाके की वजह
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्या ने बताया कि धमाका किस चीज से हुआ, इसकी जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, स्थिति नियंत्रण में है।
