आरक्षण की मांग तेज, हजारों की मौजूदगी में गूंजे निषादराज और जय श्रीराम के नारे
दमोह। निषादराज जयंती के अवसर पर जिला रैकवार, केवट, बर्मन, धुरिया, कहार, कश्यप, निषाद, बाथम, भोई, मल्लाह, ढीमर सहित माझी समाज के विभिन्न घटकों द्वारा दमोह नगर में भव्य और विशाल शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में हजारों की संख्या में समाजजन शामिल हुए और निषादराज महाराज के जयकारों के साथ सामाजिक एकता का प्रदर्शन किया।
शोभायात्रा फुटेरा मुहल्ला, शोभा नगर, फिल्टर कॉलोनी, पलंदी चौराहा, मुकेश नायक कॉलोनी, चैनपुरा, बजरिया वार्ड 07 सहित विभिन्न क्षेत्रों से डीजे, बैंड-बाजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ प्रारंभ होकर महाराणा प्रताप स्कूल मैदान पहुंची। यहां भगवान निषादराज महाराज के चित्र का पूजन किया गया, जिसके बाद विशाल शोभायात्रा पुराना थाना, मोहन टॉकीज, बकौली साईं मंदिर, घंटाघर, राय तिराहा, बस स्टैंड, जिला सहकारी बैंक, डॉ. भीमराव अंबेडकर चौराहा, कीर्ति स्तंभ, शिवाजी चौक होते हुए पुनः महाराणा प्रताप स्कूल मैदान पहुंची, जहां प्रसाद वितरण के साथ समापन हुआ।
आकर्षण का केंद्र रहीं झांकियां
शोभायात्रा में प्रभु श्रीराम, माता सीता और निषादराज महाराज की सजीव झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। शहर के विभिन्न चौराहों पर श्रद्धालुओं द्वारा पुष्प वर्षा कर झांकियों का स्वागत किया गया तथा आरती उतारी गई।
ढिमरयाई नृत्य ने बांधा समां
रैकवार, केवट, बर्मन और धुरिया समाज के पारंपरिक ढिमरयाई नृत्य की प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा में उत्साह का वातावरण बना दिया। जगह-जगह नृत्य प्रस्तुतियों ने उपस्थित समाजजनों और आम नागरिकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
हजारों की मौजूदगी में शक्ति प्रदर्शन
शोभायात्रा में समाज के विभिन्न वर्गों की बड़ी संख्या में भागीदारी रही। हजारों की संख्या में निकली इस यात्रा को माझी समाज की सामाजिक एकता और शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा गया।
“माझी समाज बचन की पक्की है” – जयंत मलैया
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दमोह विधायक जयंत मलैया ने कहा कि उनका माझी समाज से वर्षों पुराना संबंध रहा है। उन्होंने कहा कि माझी समाज अपने वचन की पक्की होती है और मित्रता निभाने में हमेशा आगे रहती है। उन्होंने समाज की एकजुटता की सराहना की।
आरक्षण से बदलेगी समाज की तस्वीर – रामकृष्ण रैकवार
मध्यप्रदेश माझी आदिवासी महासंघ के प्रदेश महामंत्री रामकृष्ण रैकवार ने कहा कि माझी समाज को आरक्षण का लाभ मिलने से समाज की तस्वीर और तकदीर बदलेगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 1992 में तत्कालीन सरकार द्वारा समाज को आरक्षण का लाभ दिया गया था, लेकिन बाद में उस पर रोक लग गई। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव से समाज को पुनः आरक्षण देने की मांग की।
निषादराज संपूर्ण हिन्दू समाज के आराध्य – मोंटी रैकवार
निषादराज माझी समाज सेवा समिति के प्रदेश उपाध्यक्ष मोंटी रैकवार ने कहा कि निषादराज महाराज केवल एक समाज के नहीं बल्कि संपूर्ण हिन्दू समाज के आराध्य हैं। उन्होंने समाज से संगठित रहकर आगे बढ़ने का आह्वान किया और ऐतिहासिक शोभायात्रा के लिए सभी का आभार व्यक्त किया।इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए समाज प्रतिनिधियों ने भी समाज की एकता बनाए रखने पर जोर दिया। समाज के जिला मीडिया प्रभारी हिमांशु रैकवार ने बताया कि जयंती आयोजन का निर्णय कुछ ही दिनों पहले लिया गया था, लेकिन अल्प समय में हजारों लोगों की भागीदारी समाज की मजबूती को दर्शाती है।
सिंगर ऋषभ नायक के गीत का विमोचन
कार्यक्रम में उभरते हुए गायक ऋषभ नायक द्वारा नवरात्रि पर प्रस्तुत महाकाली भैया के गीत का विमोचन भी किया गया। समाज के पदाधिकारियों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। संचालन राकेश धुरिया, प्रहलाद रैकवार और नरेश रैकवार ने किया, जबकि आभार शहर जिला अध्यक्ष राकेश रैकवार ने व्यक्त किया।
