नवरात्र में विशेष पूजा-अर्चना से मिलता है मां का आशीर्वाद – पंडित महेश मिश्रा
दमोह। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर शहर के मंदिरों में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना हुआ है। इसी क्रम में प्रोफेसर कॉलोनी स्थित श्री सिद्धदात्री देवी मंदिर में पंचमी तिथि पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलोनी की महिलाओं और श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में शामिल होकर आटे के दीप सजाए और माता रानी की आरती कर सुख-समृद्धि की कामना की।
नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में प्रतिदिन विशेष पूजन-अर्चन किया जा रहा है। अल सुबह से ही भक्त माता रानी को जल अर्पित करने पहुंच रहे हैं। मंदिर परिसर में भक्ति गीतों और दुर्गा स्तुति के साथ वातावरण भक्तिमय बना हुआ है।मंदिर के पुजारी पंडित महेश मिश्रा ने बताया कि नौ दिनों तक माता के विभिन्न स्वरूपों का विशेष श्रृंगार किया जाता है और प्रतिदिन दुर्गा सप्तशती का पाठ होता है। महिला मंडल द्वारा प्रतिदिन शाम 4 बजे से रामायण पाठ भी आयोजित किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि नवरात्रि के आगामी कार्यक्रमों के तहत गुरुवार शाम 6 बजे हवन-पूजन किया जाएगा। रामनवमी के दिन सुबह 9 से 10 बजे तक कन्या पूजन होगा, दोपहर 12 बजे श्रीराम जन्मोत्सव मनाया जाएगा तथा शाम 5 बजे ज्वारे विसर्जन किया जाएगा।
पंडित महेश मिश्रा ने कहा कि चैत्र नवरात्रि हिंदू धर्म का प्रमुख पर्व है, जो शक्ति उपासना, हिंदू नववर्ष की शुरुआत और वसंत ऋतु के आगमन का प्रतीक माना जाता है। चैत्र शुक्ल प्रतिपदा से प्रारंभ होकर रामनवमी तक चलने वाले इस पर्व में मां दुर्गा के नौ स्वरूप—शैलपुत्री, ब्रह्मचारिणी, चंद्रघंटा, कुष्मांडा, स्कंदमाता, कात्यायनी, कालरात्रि, महागौरी और सिद्धिदात्री—की पूजा की जाती है।उन्होंने बताया कि जो भी भक्त नवरात्रि में श्रद्धा और विधि-विधान से माता की आराधना करता है, उस पर मां दुर्गा की कृपा बनी रहती है और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद प्राप्त होता है।
