सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे और एसडीएम सौरभ गंधर्व ने सुनी समस्याएं, समय-सीमा में निराकरण के निर्देश
दमोह, 24 मार्च 2026/ कलेक्टर कार्यालय के कक्ष क्रमांक 10 (व्यारमा) में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिले के दूरदराज क्षेत्रों से बड़ी संख्या में नागरिक अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे और एसडीएम दमोह सौरभ गंधर्व ने आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण करने के सख्त निर्देश दिए।जनसुनवाई के दौरान कुल 143 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व, पंचायत, सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पानी, सड़क, आवास और पात्रता पर्ची से जुड़े मामले प्रमुख रहे। अधिकारियों ने कई मामलों में मौके पर ही संबंधित विभागों से जानकारी लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की, जबकि शेष मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निराकरण के लिए संबंधित विभागों को भेजा गया।
एसडीएम सौरभ गंधर्व ने आवेदकों से सीधे संवाद किया
जनसुनवाई में एसडीएम सौरभ गंधर्व ने स्वयं आवेदकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंभीर प्रकृति के मामलों में फील्ड स्तर पर जाकर जांच करें और वास्तविक हितग्राहियों को तत्काल राहत दी जाए। एसडीएम गंधर्व ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसुनवाई का उद्देश्य आम नागरिकों को त्वरित राहत प्रदान करना है, इसलिए लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाया जाए।उन्होंने यह भी कहा कि जिन मामलों में विभागीय समन्वय की आवश्यकता है, वहां संबंधित विभाग मिलकर समाधान करें ताकि नागरिकों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
शिविर के रूप में दी गई विभिन्न सेवाएं
जनसुनवाई के दौरान प्रशासन द्वारा आधार पंजीयन, आयुष्मान पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। इस दौरान 11 लोगों का आधार पंजीयन किया गया, एक हितग्राही का आयुष्मान पंजीयन हुआ तथा 104 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर ही जांच कर आवश्यक परामर्श भी दिया।
साथ ही कुछ सामूहिक आवेदन भी प्राप्त हुए, जिनमें मूलभूत सुविधाओं, सड़क निर्माण, पेयजल व्यवस्था और पात्रता संबंधी मांगें शामिल रहीं। इन आवेदनों पर भी संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
25 पंचायतों में भी आयोजित हुई जनसुनवाई
जिले की ग्राम नोहटा, अभाना सहित चिन्हित 25 पंचायतों में भी जनसुनवाई आयोजित की गई। इन पंचायतों में कुल 21 आवेदन प्राप्त हुए, जिनका शत-प्रतिशत निराकरण कर हितग्राहियों को राहत प्रदान की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना और तत्काल समाधान सुनिश्चित किया।जनसुनवाई के दौरान लोक सेवा प्रबंधक चक्रेश पटेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई के माध्यम से आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान किया जा रहा है और यह प्रक्रिया आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी।
